कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी लेकिन अभी है व्यस्त
राजधानी पटना के मिलर स्कूल ग्राउंड में सीपीआई के द्वारा "भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली" कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के खिलाफ इंडिया गठबंधन बनाने में हम सभी ने कितना काम किया है। पटना सहित दो राज्यों में बैठक भी की गई, लेकिन अभी इस गठबंधन को मजबूत करने के लिए कोई काम नहीं हो रहा है। इंडिया गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस है। कांग्रेस को आगे बढ़ाने के लिए हम लोगों ने इतना काम किया है लेकिन अब कांग्रेस के नेता न तो कुछ बोल रहे हैं, न कोई चर्चा कर रहे हैं और न ही कुछ कर ही रहे हैं। वह पांच राज्यों के चुनाव में लग गए हैं, लेकिन हम लोग इसे मजबूत करने के लिए पूरा काम कर रहे हैं।
देश की तरक्की के लिए एक साथ मिलकर चलना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी से हमारा पुराना संबंध है। जब वर्ष 1987 में हम विधानसभा का चुनाव लड़ रहे थे तो सी०पी०आई० सी०पी०एम० के लोगों ने हमारा सहयोग किया था। हम आपसबों की इज्जत करते हैं। हमलोग समाजवादी हैं आपलोग कम्युनिस्ट हैं। देश की तरक्की के लिए हमलोगों को एक साथ मिलकर चलना जरूरी है। आपकी पार्टी में पुरुष के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी हैं। आज के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति देखकर मुझे खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि आपलोगों ने मुझे इस कार्यक्रम में बुलाया इसके लिए मैं आपलोगों को धन्यवाद देता हूं। हमलोग एक साथ मिलकर देश हित में काम करेंगे।