मृतक का प्रोफाइल फोटो और अस्पताल में जुटे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली पुलिस ने एक शव बरामद किया है। जांच पड़ताल के दौरान शव की शिनाख्त मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांव निवासी स्वर्गीय सीताराम शाह के पुत्र शंभू शाह (50) के रूप में हुई है। शव भगवानपुर थाना क्षेत्र के पानापुर गांव स्थित चिमनी भट्ठा के पास से बरामद हुआ है।
बहन के श्राद्धकर्म में आने के दौरान हुई घटना
घटना के संबंध में मृतक के भाई शशि रंजन ने बताया कि मेरे बहन की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई थी, जिसका कल श्राद्ध कार्यक्रम था। श्राद्ध में शामिल होने के लिए भैया (शम्भू शाह) दिल्ली से बहन के यहां भगवानपुर आ रहे थे। हाजीपुर स्टेशन पर उतरने के बाद एक निजी स्कॉर्पियो वाले ने इन्हें बैठा लिया और कहा कि हम आपको भगवानपुर छोड़ देते हैं। हाजीपुर के रामाशीष चौक से स्कॉर्पियो से चले थे लेकिन सराय पहुंचते के बाद इनका फोन बंद हो गया इसके बाद हम लोगों ने बहुत इंतजार किया लेकिन नहीं आए।
बदलता रहा लोकेशन
परिजनों ने बताया कि इस बात की सूचना सराय थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया तो लोकेशन गोरौल बताया। फिर परिजनों ने गोरौल थाना से संपर्क किया। तब तक मोबाइल का लोकेशन मुजफ्फरपुर जिले के फकुली थाना क्षेत्र का दिख रहा था। गोरौल थाना ने इसकी सूचना फकुली थाने को दी। इसके बाद फकुली थाने ने छापेमारी कर एक घर से इनका मोबाइल, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया लेकिन यह नहीं मिल पाए।
शनिवार को वैशाली में मिली लाश
शनिवार की सुबह में पता चला कि भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक शव मिला है। परिजन हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां इनकी पहचान की गई। परिजनों का कहना है कि मृतक शम्भू शाह दिल्ली में रहकर गार्ड की नौकरी करते थे। परिजनों को इस बात की आशंका है कि इनसे रुपयों की लूटपाट कर उनकी हत्या कर दी गई है।