Bihar : रविवार की अहले सुबह अनियंत्रित ट्रक ने एक कार में जोरदार ठोकर मार दी, जिसमें महिला और उसके बहनोई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि एक साथ दो परिवारों की ख़ुशी मातम में बदल गई।
नवादा में रविवार की सुबह अनियंत्रित ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में कार में सवार महिला और उसके जीजा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि इस भयंकर सड़क हादसे में महिला की एक साल की बच्ची बाल-बाल बच गई। घटना के दौरान कार चालक घटनास्थल से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान पार नवादा बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के मोगलाखार मोहल्ला निवासी मोहम्मद एजाज की पत्नी साहिबा जबीं (25) और अकबरपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मद इरफान आलम के रूप में की गई है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के पास की है।
विज्ञापन
कागजातों के सत्यापन के लिए गई थी सीवान
परिजनों ने बताया कि मोहम्मद इरफान आलम अकबरपुर थाना क्षेत्र के पचरूखी गांव में उर्दू उत्क्रमित विद्यालय में शिक्षक थे। साहिबा जबीं के पति मोहम्मद एजाज बाहर नौकरी करते हैं, जबकि साहिबा जबीं शिक्षक की परीक्षा में सफल हुई थी। साहिबा जबीं के शिक्षक बनने से परिवार में खुशी का माहौल था। साहिबा जबीं नियुक्ति से पहले शुक्रवार को कागजातों के सत्यापन के लिए अपने पति और बहनोई के साथ सीवान गई थी। सीवान से लौटने के दौरान साहिबा जबीं पटना गई और अपने पति मोहम्मद एजाज को पटना जंक्शन पर छोड़कर वापस नवादा लौट रही थी। तभी नवादा जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने कार को रौंद दिया।
सिर्फ एक साल की बच्ची बच पाई
परिजनों के अनुसार कार में चालक समेत तीन लोग और एक बच्ची सवार थी। इस हादसे में बच्ची बाल-बाल बच गई, जबकि महिला और उनके बहनोई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना में दो घरों की खुशी देखते ही देखते समाप्त हो गई। घटना के संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहां पहुंचने पर कार में जोर-जोर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद बच्ची को तुरंत बाहर निकाला गया और उसे सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया।