भागलपुर जिले स्थित कहलगांव अनुमंडल के पीरपैंती थाना क्षेत्र में महिला समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। शुक्रवार को भवानीपुर गंगा घाट पर महिला और युवक के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत युवक की पहचान कुशालपुर निवासी बंटी सिंह (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था। शवों की हालत और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है।
बंटी के सिर पर गहरे जख्म मिले
इधर, परिजनों ने साजिश के तरह हत्या का आरोप लगाया है। बताया कि बंटी सिंह के एक हाथ में फ्रैक्चर था और सिर पर गहरी जश्म के निशान पाए गए हैं। मृत महिला की पहचान सियाराम के साले की पत्नी के रूप में की गई है। दोनों शवों को गंगा से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पिता ने लगाया यह आरोप
परिजनों के अनुसार, बंटी तीन दिन पहले काम पर निकला था, लेकिन फिर लौटकर घर नहीं आया। जब परिजनों ने उसके मालिक सियाराम से संपर्क किया तो बताया गया कि वह किसी जरूरी काम से बाहर गया है। बाद में उसकी पत्नी ने भी यही जानकारी दी। लेकिन तीन दिन बाद गंगा में उसका शव मिलने से पूरा मामला संदिग्ध हो गया है। बंटी के पिता ने गाड़ी मालिक सियाराम पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि सियाराम ने अपने बेटे और बेटी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आईएएस संजीव हंस के करीबी रिशु के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, टेंडरों में अनियमितताओं के सबूत मिले
अवैध संबंध की भी बात हो रही है
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महिला और युवक के बीच अवैध संबंध थे। आशंका है कि सियाराम ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद गुस्से में आकर दोनों की हत्या कर दी गई और शव को गंगा में फेंक दिया गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी टू अर्जुन कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। सियाराम, उसके बेटे और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।