नई सरकार में दोनों ही उप मुख्यमंत्री नए बने और एक साथ। फिर भी वेबसाइट पर विजय सिन्हा की तस्वीर नहीं।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
भाजपा की मुख्य साइट से बिहार तक गड़बड़ी
भाजपा की मुख्य वेबसाइट पर 26 जुलाई को बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए दिलीप जायसवाल की तस्वीर है, लेकिन 28 जनवरी को भाजपा की सरकार बनने के बाद सम्राट चौधरी के बराबर उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पाने वाले भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा की तस्वीर नहीं है। भाजपा की मुख्य वेबसाइट को अगर हिंदी में खोलेंगे तो बिहार भाजपा की वेबसाइट तक जाने के लिए हाइपर लिंक नहीं मिलेगा, मतलब बिहार प्रदेश की वेबसाइट का पता नहीं दिखेगा। अंग्रेजी में यह दिखेगा। जब बिहार भाजपा की वेबसाइट पर आएंगे तो होम पेज पर जाने से पहले यह पूछा जाएगा कि आप रोबोट तो नहीं हैं? जब आप बता देंगे कि नहीं, तो मुख पृष्ठ खुलेगा। ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीचे सम्राट चौधरी छाए दिखेंगे। यह तभी से है, जब सम्राट चौधरी डिप्टी सीएम नहीं बल्कि प्रदेश अध्यक्ष थे। अब भी बिहार भाजपा की वेबसाइट पर प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सम्राट चौधरी का नाम लिखा है, प्रमाण के लिए https://bihar.bjp.org पर जाएं। यहां प्रदेश पदाधिकारियों की सूची देखना चाहेंगे तो सम्राट चौधरी के अलावा दो प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ बिहार भाजपा कार्यालय प्रभारी की तस्वीर दिखेगी, बाकी का सिर्फ नाम। जिलाध्यक्षों के साथ भी ऐसा ही है, वैसे कई का नाम भी नहीं है और कई पुराने ही पड़े हैं।
नोट- इन प्रमाणों को किसी भी समय बदला जा सकता है, क्यों... पढ़ें आगे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- धन्यवाद, अभी ठीक कराता हूं
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल से 'अमर उजाला' ने जब इतनी गड़बड़ियां बताईं तो वह चौंक गए। शुक्रवार शाम 6:10 पर हुई बातचीत के बाद उन्होंने तत्काल वेबसाइट देखने वाली टीम को सुधार के लिए कहा। उन्होंने कहा कि "सीएम नीतीश कुमार बिहार में हमारे नेता हैं, उनके खिलाफ पहले दिया गया कोई बयान है तो उसे तत्काल हटाया जाएगा। अगर मैं प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नहीं दिख रहा हूं तो वह भी ठीक कराता हूं। सारी गड़बड़ी बताने के लिए आभार।"