महिला स्टाफ के द्वारा गहनों को देखते हुए अपराधी
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
अपराधी ग्राहक बनकर कर रहे थे रेकी
तनिष्क शो रूम के कर्मियों का कहना है कि घटना को अंजाम देने के लिए अपराधी करीब एक सप्ताह से शोरूम की रेकी कर रहे थे। लूटपाट के दौरान जिन महिलाकर्मियों पर अपराधियों ने पिस्टल तानी थी, उनका कहना है कि एक-दो बदमाशों के चेहरे को देखकर ऐसा लग रहा था कि वह एक सप्ताह से शोरूम में आ रहे थे और जेवर भी देखते थे। उनकी एक्टिविटी को देखकर ऐसा लग रहा था कि उन्होंने पहले भी जेवर खरीदा था। महिला स्टाफ ने बताया कि तनिष्क में फेस्टिवल ऑफ डायमंड के तहत एग्जीबिशन का आयोजन किया गया था। 10 दिन से ग्राहकों की भीड़ ज्यादा थी। इसी भीड़ में अपराधियों ने रेकी की होगी। अपराधियों ने कहा था कि हम लोग आपका कुछ नहीं लेंगे, रतन टाटा का सामान ले रहे हैं।
अपराधियों ने यहीं जलाया अपना कपड़ा।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
ऐसे हुई थी लूट की घटना
तनिष्क शो रूम में चार साल से काम कर रहे कोलकाता निवासी कर्मी ने बताया कि शुक्रवार को 12 बजे ग्राहक बनकर पहले तीन बदमाश फर्स्ट फ्लोर के अलग-अलग काउंटर पर गहना खरीदने के बहाने आए और बैठ गये। फिर उपस्थित महिला कर्मी को गहना दिखाने को कहा। इसके करीब एक मिनट के अंदर चार और अपराधी ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे। एक ने शोरूम के बाहर मेन गेट पर पोजिशन लिया और बाकी तीन ने एंट्री करते ही पिस्टल तान दी। ड्यूटी पर लगे दोनों गार्ड, 25 स्टाफ और 5 ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। बारी-बारी से एक टेबल पर सबको अपना मोबाइल रखने को कहा। फिर अपराधी सभी को लेकर ग्राउंड फ्लोर से फर्स्ट फ्लोर पर ले गए। चालाकी करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी थी। सभी को गन पॉइंट पर रखा।
चाबी नहीं मिली तो शीशा तोड़कर गहना निकाला
कर्मियों का कहना है कि तनिष्क ज्वैलरी शोरूम के मालिक के भतीजे से अपराधियों ने शोकेस में लगे लॉक खोलने के लिए चाबी मांगी। जब उन्होंने चाबी देने से इंकार किया तो अपराधियों ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद अपराधी अपने पिस्टल के बट से शोकेस का शीशा तोड़कर डायमंड के ज्वैलरी निकाल लिये। इस दौरान अपराधी के पिस्टल से मैगजीन निकलकर नीचे गिर पड़ा। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने मैगजीन बरामद कर लिया है। बरामद मैगजीन में पांच गोलियां लोड थी।