पटना में एक पुत्र ने गुस्से में अपने पिता को कुदाल से काटकर उनकी हत्या कर दी। घटना विक्रम थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव की है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा गांव छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची मां ने अपने बेटे के खिलाफ थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम के माध्यम से भी जांच शुरू कर दिया है। मामला आपसी दूध के विवाद को लेकर बताया जा रहा है।
दूध के विवाद में पुत्र बना हत्यारा
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि मदनपुर गांव के निवासी तिमल यादव (50) खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का गुजर-बसर किया करते थे। इस बीच गुरुवार को उनका बेटा अमरेश कुमार (20) दूध के विवाद को लेकर अपने पिता तिमल यादव से लड़ाई-झगड़ाकरने लगा। बाप-बेटे के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि अमरेश कुमार ने घर से कुदाल लाकर अपने पिता पर हमला कर दिया। इस घटना में उनके पिता बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद बेटा अमरेश कुमार पिता को दरवाजे पर गिरा छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने खून से लथपथ विमल यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
परिवार के लोगों ने घटना की सूचना विक्रम थाने को दी। सूचना मिलते ही विक्रम थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। घटना की जानकारी देते हुए विक्रम थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि अमरेश कुमार की मां पानमती देवी ने विक्रम थाने में अपने बेटे के खिलाफ पति के हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। पुलिस हत्यारे बेटे की तलाश में छापेमारी कर रही है।