नालंदा जिले में पुलिस ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी में वांछित एक महिला को मंगलवार को पैक्स कार्यालय से गिरफ्तार किया। आरोपी महिला मीना देवी, कतरीसराय थाना क्षेत्र के गोवर्धन विगहा की निवासी है, जो पिछले एक वर्ष से फरार चल रही थी। मामला लहेरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस का कहना है कि मीना देवी, उनके पति उदय कुमार वर्मा और बेटे अमित कुमार के खिलाफ संपत्ति की फर्जी रजिस्ट्री का मामला दर्ज था।
5 से 6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का है आरोप
इस मामले में शिकायतकर्ता नीरज भान सिंह और केदार प्रसाद का कहना है कि आरोपी परिवार ने एक ही मकान को कई लोगों को बेचकर लगभग 5 से 6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि आरोपी महिला और उसके पति एवं बेटे के खिलाफ लहेरी थाने में दो प्राथमिकी दर्ज हैं, साथ ही मानपुर में भी एक मामला दर्ज है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम नालंदा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक पहुंची और आरोपी महिला मीना देवी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला मीना देवी मैरा- बरीठ से पैक्स का चुनाव लड़ने वाली थी और एनओसी लेने पहुँची थी, लेकिन इसी बीच पुलिस को इसकी भनक लग गई और पुलिस ने वहां से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित, केदार प्रसाद ने बताया कि उनके बेटे ने आरोपी के बेटे अमित कुमार को व्यवसाय के लिए तीन चेक के माध्यम से 30 लाख रुपये दिए थे। अमित कुमार, जो मध्य विद्यालय कोरारी में शिक्षक हैं, वह अभी फरार हैं।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही हैं छापेमारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी परिवार ने अजंता होटल के समीप स्थित अपने मकान को कई लोगों को बेचकर धोखाधड़ी की है। नीरज भान सिंह ने इस संपत्ति के लिए 45 लाख रुपये दिए थे, लेकिन रजिस्ट्री के बिना ही परिवार फरार हो गया। थानाध्यक्ष का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। मामले की जांच जारी है।