Bihar : पुणे के लोनावाला के पहाड़ स्थित भुशी बांध के पास कुछ लोग पिकनिक मनाने गए थे। अचानक झरने में पानी का बहाव तेज हो गया, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोग बह गये थे। ऐसी ही एक घटना बिहार में हुई, लेकिन एकता ने 30 लोगों को तेज धार में बहने से बचा लिया।
पुणे के लोनावाला के पहाड़ स्थित भुशी बांध के पास कुछ लोग पिकनिक मनाने गए थे। तभी झरने में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिसमें 10 लोग बह थे। हालांकि रेस्क्यू टीम ने उन दस में से पांच लोगों को बचा लिया, जबकि बाकी पांच लोग पानी की तेज धार में बह गए। ऐसी ही एक घटना बिहार में हुई, जहां पहाड़ी नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। जिसके कारण बाढ़ जैसी स्थिति वहां उत्पन्न हो गई। लेकिन उनकी 'एकता' ने उन सब की जान बचा ली। मामला रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र अंतर्गत कशिश जलप्रपात का है।
विज्ञापन
एकता ने बचाई सबकी जान
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि कशिश जलप्रपात स्थित पहाड़ी नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। जिसके कारण बाढ़ जैसी स्थिति वहां उत्पन्न हो गई। कशीश जलप्रपात में पिकनिक मनाने के लिए दूर दराज से लोग वहां गए थे। इसी दौरान पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में तेज बारिश होने के कारण कशिश जलप्रपात ने अपना भयावह रूप ले लिया और तेज बहाव के साथ पहाड़ी नदी से पानी बहने लगा। अचानक आये तेज बहाव में लगभग दो दर्जन से अधिक लोग फंस गए, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद मानव श्रृंखला बनाकर पहाड़ी नदी से बाहर रेस्क्यू किया गया। तस्वीरों में स्पष्ट दिख रहा है कि पानी के तेज बहाव में फंसे लोग मानव श्रृंखला बनाकर खुद अपीन जान बचा रहे हैं। पानी के इस पार लोग लगातार पानी में फंसे लोगों को बार-बार मानव श्रृंखला बनाकर धीरे-धीरे पानी से निकलने की सलाह दे रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
रोहतास जिले के इन पहाड़ी क्षेत्रों में कई जलप्रपात हैं, जहां पिकनिक मनाने के लिए दूर दराज से लोग वहां जाते हैं। इसी तरह से बुधवार को भी कशिश जलप्रपात में पिकनिक मनाने के लिए बहुत लोग गए थे और पहाड़ी नदी के तेज बहाव में फंस गए। पहाड़ों पर लगातार बारिश होने के कारण पहाड़ी नदियां तूफान पर हो जाती हैं और कुछ देर के लिए वहां बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसके पूर्व में भी रोहतास जिले के तिलौथू थाना अंतर्गत तुतला भवानी जलप्रपात में कई लोग फंस गए थे, जिन्हें वन विभाग की टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया गया था।