भोजपुर डीएम ने कर्मचारियों को दिए निर्देश।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
कर्मचारी का बिचौलिया दाखिल खारिज कराने के लिए मांग रहा था तीस हजार रुपया
टाउन थाना क्षेत्र के जेल रोड निवासी स्वर्गीय विमल प्रसाद गुप्ता के पुत्र पीड़ित रितेश कुमार गुप्ता का कहना है कि मेरा 70 डिस्मिल जमीन टाउन थाना क्षेत्र के धनुपरा में है। उस जमीन का दाखिल खारिज कराने के लिए मैं राजस्व कर्मचारी के पास मार्च में आवेदन दिया था। आवेदन देने के बाद कर्मचारी का बिचौलिया उमेश कुमार ने मुझसे 30 हजार रुपया नजराना के रूप में मांग किया। रितेश कुमार ने कहा कि मैं गरीब आदमी हू, इतना रुपया नहीं दे सकता। दो- तीन हजार रुपया दे सकता हूं, लेकिन उमेश कुमार को यह मंजूर नही हुआ। वह लगातार मुझसे 30 हजार रुपये की मांग करता रहा। अंत में उन्होंने डीएम को आवेदन देकर शिकायत की, जिसके बाद डीएम के द्वारा कार्रवाई कर उमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
राजस्व कर्मचारी पर भी होगी कार्रवाई
इस संबंध में डीएम राजकुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि टाउन थाना क्षेत्र के जेल रोड निवासी रितेश कुमार गुप्ता के द्वारा शिकायत की गई थी कि राजस्व कर्मचारी का बिचौलिया उमेश कुमार के द्वारा दाखिल खारिज करने के एवज में 30 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद मंगलवार को वह स्वयं सदर प्रखण्ड पहुंचकर बिचौलिया उमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से कुछ बरामद नही हुआ है। अंचलाधिकारी के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कराया गया है। राजस्व कर्मचारी पर भी प्रपत्र क गठित कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।