कांग्रेस के वरीय नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रोहतास (सासाराम) पहुंच चुकी है। औरंगाबाद की जनसभा में इंडी एलायंस (I.N.D.I.A.) के सहयोगी राजद और वामदल के बड़े नेता नहीं शामिल हुए थे। आज राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव रोहतास पहुंचे। तेजस्वी यादव न सिर्फ राहुल गांधी की यात्रा में शामिल हुए, बल्कि उनके सारथी भी बने। इंडी एलायंस के हजारों कार्यकर्ता और समर्थकों साथ तेजस्वी यादव लाल रंग की चारपहिया पर राहुल गांधी के साथ नजर आए। गाड़ी के पीछे की सीट पर कांग्रेस की वरीय नेत्री मीरा कुमार भी नजर आईं।
राहुल बोले- किसानों को एमएसपी की गारंटी देंगे
राहुल गांधी की न्याय यात्रा के दौरान रोहतास के टेकारी में किसान चौपाल में काफी संख्या में लोग जुटे। किसानों को राहुल गांधी तथा तेजस्वी यादव ने संबोधित किया। इस दौरान बिहार में नौकरी देने की भी बात तेजस्वी यादव ने कही। उन्होंने कहा कि 17 माह के सरकार में हमने बिहार में नौकरियों की बहार ला दी। राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया की सरकार बनी तो एमएसपी गारंटी दी जाएगी। दिल्ली में किसान धरना दे रहे हैं। मोदी सरकार में किसान समेत सभी तबके के लोग परेशान हैं, लेकिन वह (प्रधानमंत्री मोदी) किसी की सुनने वाले नहीं हैं। क्योंकि, इसलिए वह अपने मन की सुनाते हैं। आम जनता की मन की बात को नहीं सुनते हैं।