कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल पटना से दरभंगा होते हुए सहरसा जा रहे थे। इस दौरान NH 27 किनारे लोआम गांव के खेत में पराली जलते देखा। उन्होंने फौरन जिला कृषि पदाधिकारी को फोन लगाया और ऐसा करने का निर्देश दिया।
अब बिहार में पराली जलाने के मामले बड़ी कार्रवाई की गई है। दरभंगा में कृषि विभाग के सचिव संजय अग्रवाल के निर्देश पर सदर थाना क्षेत्र के लोआम गांव में किसानों द्वारा खेत मे पराली जलाने के मामले में तीन किसानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। उनके कृषि रजिस्ट्रेशन पर रोक लगा दी है। इस कार्रवाई के बाद अब इन तींनो किसानों को अगले पांच वर्षों तक कोई भी सरकारी कृषि सुविधा नहीं मिल पाएगी।
विज्ञापन
खेत में पराली जलाई जा रही थी
बताया जाता है कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल पटना से दरभंगा होते हुए सहरसा जा रहे थे। इस दौरान NH 27 किनारे सदर थाना क्षेत्र के लोआम गांव के खेत में पराली जलाई जा रही थी। यह देखते ही उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी विपिन बिहारी सिन्हा को फोन करके पराली जलाए जाने की जानकारी देते हुए सम्बंधित किसानों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। कृषि सचिव के दरभंगा पहुंचने की जानकारी मिलते ही कृषि विभाग के उपनिदेशक संजयनाथ तिवारी सहित तमाम पदाधिकारी आननफानन में लोआम पहुंचे और मामले की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी किसान कैलाश प्रसाद बैरोलिया ,राजेन्द्र कुमार एवं मकसूद आलम का कृषि रजिस्ट्रेशन को रद्द कर दिया है। इस कार्यवाई के बाद इलाके के किसानों के बीच हड़कम्प मच गया है।
कृषि रजिस्ट्रेशन को रद्द कर दिया गया है
जिला कृषि पदाधिकारी विपिन बिहारी सिन्हा ने बताया कि लोआम गांव के तीन किसानों पर कृषि रजिस्ट्रेशन को रद्द कर दिया गया है। अब इन तीनों किसानों को अगले पांच वर्षों तक कोई भी सरकारी कृषि सुविधा का लाभ नहीं मिल पायेगा। उन्होंने पूरे जिले के किसानों से अपील की है कि कोई भी किसान खेतों में पराली को नहीं जलावें। अगर जलाते हुए पकड़े गए तो कार्रवाई की जाएगी।