समस्तीपुर में बदमाशों ने महिला समेत चार लोगों पर एसिड हमला किया है। इस घटना में चरित्र दास, सुरेंद्र दास, उनकी पत्नी बबीता देवी और बालेश्वर दास जख्मी हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गये। शोर-गुल होने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गये और आननफानन में लोगों ने सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी संजय पांडे के साथ पुलिस की टीम सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव की है।
यह खबर भी पढ़ें -Bihar News : पांच साल के मासूम के साथ ऐसी बर्बरता क्यों? सिर में कील ठोककर ले ली जान
केस उठा लेने की दी जा रही थी धमकी
घटना के संबंध में पीड़ित बबीता देवी का कहना है कि गांव के ही मोतीलाल राय के पुत्र चंदन, मुन्ना कुमार और धर्मेंद्र अच्छे चाल चलन के नहीं है। कुछ वर्ष पूर्व गलत मंशा से उनके घर में घुस आया था जिसको लेकर सरायरंजन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला अभी कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में सुलह करने को लेकर अभियुक्त द्वारा लगातार दबाव दिया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व भी केस उठा लेने की धमकी दी गई थी। शाम में घर के पीछे किसी काम से गई थी। इसी दौरान चंदन और मुन्ना उनके साथ बदतमीजी करने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बोतल में रखा एसिड उन पर फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। उनके चीखने-चिल्लाने पर उनके परिवार के लोग दौड़े तो उक्त लोगों ने उन लोगों पर भी एसिड फेंका। हल्ला होने पर लोगों को जुटते देखकर दोनों फरार हो गये। फिर आसपास के लोगों ने एसिड अटैक से झुलसे लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी संजय पांडे सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित लोगों का बयान दर्ज किया। घटना के संबंध में उन्होंने बताया कि केमिकल युक्त कोई पदार्थ से महिला समेत अन्य लोगों पर हमला बोला गया है। लाठी डंडे से मारपीट भी की गई है। घटना के पीछे पूर्व के केस को उठाने को लेकर धमकी की भी बात बताई गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। डॉक्टर से पूछा गया है कि केमिकल किस तरह का है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना में दूसरे पक्ष से भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली है।