सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। शुक्रवार को मुख्य सचिवालय के मंत्रपरिषद् कक्ष में आयोजित इस बैठक में कुल 22 प्रस्ताव स्वीकृत कर लिए गए। इसमें सबसे प्रमुख प्रस्ताव मेट्रो परियोजना से संबंधित है। पटना के बाद अब बिहार के गया, भागलपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर शहर में भी मेट्रो रेल का परिचालन होगा। सीएम नीतीश कुमार के मेट्रो परिचालन के प्रस्ताव पर सैंद्धांतिक स्वीकृति दे दी है।
बिहार उच्च न्यायिक सेवा के 140 पदों के सृजन की स्वीकृति
वहीं बिहार व्यवहार न्यायालय अधिकारी एवं कर्मचारी नियुक्ति प्रोन्नति स्थानातंरण एवं अन्य सेवा संशोधन नियमावली 2024 के प्रस्ताव पर भी सीएम नीतीश कुमार ने अपना मुहर लगा दिया। इतना ही नहीं बिहार वाहन चालक भर्ती एवं सेवा शर्त संशोधन नियमावली 2024 के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी गई है। वहीं नौकरी की बात करें तो बिहार उच्च न्यायिक सेवा के 140 पदों के सृजन की स्वीकृति सीएम नीतीश कुमार ने दी दी। साथ ही जिला उपभोक्ता विवाद प्रतिकोष आयोग के लिए अनुबंधन के आधार पर निबंधक के कुल 20 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई।
खेल विभाग में 98 पदों पर बहाली के प्रस्ताव पर स्वीकृति
सीएम नीतीश कुमार ने खेल विभाग में 98 पदों पर बहाली के प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति दे दी। वहीं अब हर पंचायत में खेल क्लब बनाने के फैसले पर भी मुहर लगी है। सरकार ही क्लब बनाएगी और खिलाड़ियों को इससे जोड़ेगी। इधर, 22 से 26 जुलाई विधानमंडल का मानसून सत्र बुलाने का फैसला लिया गया है। इस सत्र में कुल पांच बैठक होगी।