फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Nagar Nikay Chunav Live: बिहार में 57.17 फीसदी वोटिंग, 54.72 पुरुषों ने तो 59.62% महिलाओं ने डाले वोट

Wed, 28 Dec 2022 07:22 PM IST
कुमार जितेंद्र ज्योति न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

 Bihar Nagar Nigam Election 2022 Voting Live News in Hindi : दूसरे चरण में 23 जिलों के 17 नगर निगम, 2 नगर परिषद और 49 नगर पंचायतों में शुरू हो गया है।
विज्ञापन
पुलिस ने चटकाईं लाठियां - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:22 PM, 28-Dec-2022

वोटिंग में महिलाओं ने मारी बाजी...
बिहार में कुल 57.17 प्रतिशत वोटिंग हुई। पुरुष 54.72 और महिला 59.62 प्रतिशत। सबसे ज्यादा खगड़िया जिले में 68.39 प्रतिशत वोटिंग हुई। जबकि सबसे कम पटना में 39.17 प्रतिशत वोटिंग हुई।
महिलाओं की वोटिंग में भी खगड़िया सबसे आगे रहा, जहां 73.83 प्रतिशत महिला वोटर बूथ पहुंची। वहीं, सबसे कम महिलाएं पटना में बूथ तक पहुंची। पटना में महिला वोटरों का प्रतिशत 40 रहा।

04:47 PM, 28-Dec-2022

छपरा में वोटिंग के दौरान वोटरों को पैसे बांटने का आरोप...
छपरा जिले के मशरक नगर पंचायत चुनाव में बुधवार को मतदाताओं में रुपये बांटने की सूचना पर बड़ी मुसहर टोली गांव के पास एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस के द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं, इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

मौके पर वीडियो में मुख्य पार्षद पद प्रत्याशी नलीन कुमार उर्फ जेपी के द्वारा पुलिस को बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी मतदान के लिए जा रहे मतदाताओं के बीच रुपये बांट रहा है। गिरफ्तार मशरक प्रखंड का पूर्व उप प्रमुख ललन महंतों है।

वहीं, सूचना पर पुलिस द्वारा उसके खिलाफ कार्रवाई की गई और उसे मौका-ए-वारदात से गिरफ्तार कर लिया गया और उसे गिरफ्तार करके थाने लाया गया है और उससे पूछताछ हो रही है। गौरतलब है कि रुपये और साड़ी कपड़ा बाटने की घटनाएं लगातार प्रकाश में आ रही है।

04:24 PM, 28-Dec-2022
मतदान के दौरान फायरिंग - फोटो : अमर उजाला

नालंदा में निकाय चुनाव के दौरान फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई। घायल युवक को सदर अस्पताल बिहार शरीफ में भर्ती करवाया गया है। मामला बिहार थाना क्षेत्र मीरदाद मोहल्ले के वार्ड संख्या 14 का है। मौके पर आलाधिकारी डीएम और एसपी पहुंचे हैं। घायल युवक का नाम मोहम्मद अकीब खान पिता महफूज खान है। घायल युवक प्रत्याशी का भांजा और पोलिंग एजेंट है।

विज्ञापन
02:31 PM, 28-Dec-2022

कहां-कितनी प्रतिशत हुई वोटिंग
दोपहर एक बजे तक सिवान में 27.64 प्रतिशत, आंदर 42.45 प्रतिशत, गोपालपुर 42.27 प्रतिशत, बसंतपुर 40.66 प्रतिशत वोटिंग हुई।



भागलपुर के नाथनगर के बूथ पर दोपहर में बड़ी संख्या में महिलाएं वोट डालने पहुंची।

12:12 PM, 28-Dec-2022

दो गुटों में फायरिंग और पत्थरबाजी, आरोप-खास को वोट डालने दबाव

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में दो जगह फायरिंग का मामला सामने आया है। नालंदा में नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के दौरान बैगना और पटेल नगर में दो गुटों में मारपीट रोड़ेबाजी फायरिंग की गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। संवेदनशील बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छिटपुट घटनाओं को छोड़ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। पटेल नगर के बूथ पर पुलिस का विरोध किया, जिसपर थाना प्रभारी ने लाठियां चटकाईं। वोटरों का आरोप है कि उन पर किसी खास प्रत्याशी को वोट दिलाने का दबाव बनाया जा रहा है। जिसका उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। सूचना पर परिजन पहुंचे तो दोनों पक्षों की ओर से रोड़ेबाजी शुरू हो गई। जिसमें कुछ लोग चोटिल हो गए हैं।

दोषी पर होगी सख्त कार्रवाई-डीएसपी
सदर डीएसपी डॉ. शिब्ली नोमानी ने बताया कि वोट को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़े हैं। जिसको लेकर मामूली सा विवाद हुआ और आपस में रोड़ेबाजी की गई है। फिलहाल, हम लोग इस मामले को लेकर जांच कर रहे हैं और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चुनाव सभी इलाकों में छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा हैं।




 

विज्ञापन
11:19 AM, 28-Dec-2022
फायरिंग की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी - फोटो : Amar Ujala Digital

नालंदा के बिहारशरीफ में फायरिेंग
नालंदा में नगर निकाय चुनाव के दौरान बिहारशरीफ के बैगनाबाद मोहल्ले में मतदान के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। रोड़ेबाजी भी हुई, जिसमें छह से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर डीएम और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

10:37 AM, 28-Dec-2022
मोबाइल की रोशनी के सहारे हो रही वोटिंग - फोटो : Amar Ujala Digital

बिहार में बत्ती गुल, वोटिंग चालू
कटिहार में मोबाइल की रोशनी में मतदान हो रहा है। प्रशासन के तमाम दावों के बीच कटिहार नगर निगम के सामुदायिक भवन मिर्चाईबारी में मोबाइल की रोशनी में मतदाता वोटिंग कर रहे हैं। मतदाता जहां मतदान केंद्र में अंधेरा होने का कारण परेशान हैं। वहीं मतदान केंद्र के पीठासीन पदाधिकारी भी ऐसे में मतदान करवाने में दिक्कत होने की बात कह रहे हैं। हालांकि, केंद्र में मौजूद रनिंग मजिस्ट्रेट अंचलाधिकारी जल्द इस मतदान केंद्र में बिजली चालू करवाने की आश्वासन दे रहे हैं। पटना सहित कई जगहों पर भी यही हालात हैं।

10:28 AM, 28-Dec-2022

भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा ने किया मतदान
पटना में कुम्हरार से भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा मतदान करने पहुंचे। इस दौरान उनसे साथ उनकी पत्नी, बेटे और बहू और परिवार के अन्य सदस्य भी साथ थे। सभी ने अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग किया।

10:24 AM, 28-Dec-2022

नालंदा नगरपालिका में सुबह नौ बजे तक मतदान प्रतिशत

  • नालंदा नगर निगम बिहारशरीफ 11.7-%
  • नगर पंचायत सरमेरा  -13.4%
  •  नगर पंचायत अस्थावां   - 15.28%
  •  नगर पंचायत रहुई -14.67 %
  •  नगर पंचायत परवलपुर -16.17 %
  •  नगर पंचायत पावापुरी - 16.41%

10:10 AM, 28-Dec-2022

मुजफ्फरपुर में नगर निगम चुनाव को लेकर महिलाओं के लिए अलग तैयारी है। शहर में दो मॉडल बूथ बनाये गए हैं। इसमे एक जिला स्कूल बूथ और चक्कर मैदान में स्थित प्रभात तारा बूथ शामिल है। जिला स्कूल को मॉडल बूथ की तर्ज पर तैयार किया गया है। जबकि, प्रभात तारा को पिंक बूथ बनाया गया है। पिंक बूथ पर महिलाएं वोट कर रही हैं। दोनों बूथों पर वोटर की सुविधा के मद्देनजर मुकम्मल व्यवस्था की गई है। यहां पर आयोग के गाइडलाइन के अनुसार सभी सुविधा वोटर के लिए की गई है।



वहीं प्रभात तारा स्कूल स्थित बूथ पर महिला वोटरों में काफी उत्साह है। पिंक बूथ पर ठंड से बचने के लिए हीटर भी लगाया गया है। जिससे किसी भी वोटर पर ठंड भाड़ी नही पड़े। वहीं, महिलाओं ने कहा की पिंक बूथ पर आकर वोट गिराने मे काफी खुशी मिल रही है। यहां वोटर के लिए सुविधा के अनुसार हर चीज बेहतर किया गया है। काम भी बेहतर है। इस तरीके के बूथ मे वे पहली बार वोटिंग करने आई हैं।

08:37 AM, 28-Dec-2022
मुजफ्फरपुर वार्ड 35 पर वोटिंग - फोटो : Amar Ujala Digital

बिना मास्क के नजर आ रहे वोटर और मतदानकर्मी

बिहार निकाय चुनाव में कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। मतदानक्रेंद्रों पर न तो मतदानकर्मी और न ही वोटर कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए नजर आ रहे हैं। मुजफ्फरपुर के वार्ड 35 में भी वोटर और मतदानकर्मी बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के नजर आ रहे हैं। 

08:30 AM, 28-Dec-2022

बूथों के अंदर बिजली गुल
बिहार के कई शहरों से बूथों के अंदर अंधेरे में मतदानकर्मियों के बैठने की सूचनाएं आ रही हैं। वोटरों को ईवीएम के पास भी कम रोशनी मिल रही है।

08:25 AM, 28-Dec-2022
मतदान केंद्र पर वोटर की लगी लंबी लाइन - फोटो : Amar Ujala Digital

बेगूसराय में वोटिंग के लिए लंबी लाइन
कड़ाके की सर्दी के बावजूद वोटरों में मतदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। बेगूसराय में सुबह से ही मतदान केंद्र पर वोटिंग के लिए लंबी लाइन लग गई है। मतदाता स्वेटर, जैकेट और शॉल ओढ़कर मतदान केंद्र पर उत्साह के साथ पहुंच रहे हैं।

07:04 AM, 28-Dec-2022
घायल मेयर पद प्रत्याशी - फोटो : Amar Ujala Digital

चेयरमैन पद के उम्मीदवार को मारी गोली
सीवान में वोटिंग से कुछ घंटे पहले अपराधियों ने एक प्रत्याशी को गोली मार दी। घायल की पहचान पिंटू कुशवाहा के रूप में हुई है। घायल नगर निगम चुनाव में चेयरमैन पद के उम्मीदवार है। रात साढ़े 12 बजे आंदर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने घेर कर पिंट कुशवाहा को गोली मार दी। प्रत्याशी रात में लोगों से संपर्क करने निकला था। बताया जा रहा है कि प्रत्याशी ने  वोटरों को पायल और पैसा बांटने का विरोध किया था, इसी के चलते उसे गोली मार दी गई।

 

11:07 PM, 27-Dec-2022

Bihar Nagar Nikay Chunav Live: पुरुष 54.72 और महिला 59.62 प्रतिशत

बिहार में नगर निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। ठंड का असर मतदान केंद्रों पर भी देखने को मिल रहा है। मतदाता धीरे-धीरे बूथ पर पहुंच रहे हैं। सभी बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वोटिंग के दौरान किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए सभी बूथ पर दंडाधिकारी, क्यूआरटी, पुलिस पदाधिकारी की भी नियुक्ति की गई है। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील बूथों पर लाइव वेवकास्टिंग से निगरानी की जा रही है। 

23 जिलों के 68 नगर निकायों में वोटिंग 
दूसरे चरण में बिहार के 23 जिलों के 68 नगर निकायों में वोटिंग होने जा रही है। इनमें 17 नगर निगम, 2 नगर परिषद् और 49 नगर पंचायत हैं। चुनाव के लिए 7088 बूथ बनाए गए हैं। इस बार पहली दफा वोटर सीधे मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद (नगर निगमों में मेयर व डिप्टी मेयर) चुन रहे हैं। पहले चरण में यह प्रयोग हो चुका है।

गया के डोभी और फतेहपुर में 3 बजे तक ही वोटिंग
दूसरे चरण के मतदान में गया जिले के डोभी और फतेहपुर नगर पंचायत में सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक ही मतदान होगा। शेष सीटों पर शाम 5 बजे तक वोट पड़ेंगे। शुक्रवार 30 दिसंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। वोटर खुद मतदान संबंधित जानकारी निकाल सकते हैं। इस चरण के लिए नाम वापसी के बाद दूसरे दौर के 14 प्रत्याशी निर्विरोध जीत चुके हैं। 

किसी तरह की गड़बड़ी पर कंट्रोल रूम में फोन करें
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ मतदान संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्र पर सशस्त्र पुलिस बलों की नियुक्ति की गई है। बोगस वोटिंग रोकने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर डिजिटल फोटोग्राफी सर्विलांस से मतदाताओं का सत्यापन करवाया जाना है। इस व्यवस्था के तहत अगर कोई मतदाता दोबारा वोट डालने आते हैं तो उनकी पहचान हो जाएगी और उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अतिसंवेदनशील और संवेदनशील बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। लोगों से अपील की जा रही है कि मतदान केंद्र पर किसी भी गड़बड़ी या इलाके में किसी तरह के अफवाह की सूचना पर कंट्रोल रूम (18003457243) को फोन कर सूचित करें। 


महिला वोटिंग ज्यादा होने की उम्मीद
कुल मतदाता- 61,94,826 
पुरुष मतदाता- 32,60,259 
महिला मतदाता- 29,34,317 
अन्य मतदाता- 250 

68 सीटों पर सीधे वोटर चुनेंगे मुख्य और उप मुख्य पार्षद
कुल पद- 1665 
वार्ड पार्षद- 1529
उप मुख्य पार्षद- 68
मुख्य पार्षद- 68

प्रत्याशियों में महिलाओं की संख्या ज्यादा
कुल प्रत्याशी- 11,127
पुरुष प्रत्याशी- 5,154 
महिला प्रत्याशी- 5973 

पुरुष प्रत्याशियों में उप मुख्य पार्षद पर ज्यादा जोर
कुल पुरुष प्रत्याशी- 5154 
वार्ड पार्षद प्रत्याशी- 4345
उप मुख्य पार्षद प्रत्याशी- 443
मुख्य पार्षद प्रत्याशी- 366

महिला प्रत्याशियों में मुख्य पार्षद पर ज्यादा जोर
कुल महिला प्रत्याशी- 5973
वार्ड पार्षद प्रत्याशी- 5085
उप मुख्य पार्षद प्रत्याशी- 392 
मुख्य पार्षद प्रत्याशी- 496
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें