बिहार विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकार कोटे की सभी 24 सीटों पर मतदान का एलान हो गया है। इन सभी सीटों पर 4 अप्रैल को मतदान सुबह आठ बजे से दोपहर चार बजे तक होगा। मतगणना सात अप्रैल को होगी। सभी निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बुधवार को जारी प्रेस नोट में स्थानीय प्राधिकार कोटे की इन 24 सीटों पर मतदान चार अप्रैल को कराए जाने की सूचना दी गई है। इसकी अधिसूचना नौ मार्च को जारी की जाएगी, जबकि 16 मार्च तक 24 निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशियों को नामांकन का अंतिम मौका मिलेगा। नामांकन पत्रों की जांच 17 मार्च को होगी। प्रत्याशियों की नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 मार्च निर्धारित की गई है।
भाजपा 13 पर तो जदयू 11 पर लड़ेगी चुनाव
इससे पहले एएनडीए ने गठबंधन का एलान कर दिया था। बिहार के भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव ने बताया था कि बिहार विधान परिषद चुनाव में 13 सीटों पर भाजपा और 11 सीटों पर जदयू चुनाव लड़ेगी।
राजद ने 21 प्रत्याशियों का एलान किया
वहीं, राजद ने भाजपा के सवर्ण वोटों को साधने के लिए बिहार विधान परिषद चुनाव के 24 सीटों में से 21 प्रत्याशियों की घोषणा की है। इस बार एक चौथाई सीटों पर भूमिहार प्रत्याशी को उतारा गया है।