घटना के बाद घटनास्थल पर जुटे लोग
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में बीती देर रात संदिग्ध स्थिति में एक विवाहिता की मौत हो गई है। मामला योगापट्टी थाना क्षेत्र के खनुआ टोला गांव का है। महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू विवाद में महिला ने खुद ख़ुदकुशी की है। मृतका सर्वेश महतो की पत्नी सुमन देवी (30) बताई जाती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
परिजनों ने कहा बाइक के लिए ले ली जान
परिजनों का कहना है कि सुमन की शादी 2016 में योगापट्टी के खनुआ टोला गांव निवासी कन्हैया महतो के 30 वर्षीय पुत्र सर्विस महतो के साथ हुई थी। शादी के कुछ सालों तक सब कुछ ठीक रहा। फिर विगत तीन सालों से उनकी बेटी को ससुराल वालों ने दहेज में अपाची बाइक के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। सुमन के मायके वालों ने बताया कि उन्होंने ससुराल पक्ष की मांग को पूरा करने का उन्होंने आश्वासन भी दिया था लेकिन इससे पहले ही ससुराल के लोगों ने उनकी बेटी की ग्लाआ घोंट कर हत्या कर दी। और घर छोड़ फरार हो गए।
ग्रामीणों ने कहा खुदकुशी की है
मृतका सुमन के ससुराल के आसपास के लोगों का कहना है कि सुमन परिवारिक कलह की वजह से घर में फंदा लगाकर खुदकुशी की है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बुधवार की सुबह सुमन और उसके ससुर कन्हैया महतो के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद सुमन ने घर में ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद सुमन के पति, सास-ससुर और देवर घर छोड़कर फरार हो गये। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने योगापट्टी थाना पुलिस को दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सुमन के शव को बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पोस्टमार्टम हो गया फिर भी पुलिस को है आवेदन मिलने का इंतजार
योगापट्टी थाना अध्यक्ष मनोज कुमार प्रसाद का कहना है कि खनुआ टोला गांव निवासी सर्वेश महतो के पत्नी सुमन की संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पहुंचकर मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दी गई है। मामले में अभी आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।