जमुई में सिकंदरा थाना क्षेत्र के कुमार गांव स्थित तालाब में गुरुवार को नहाने के दौरान एक 12 बर्षीय बच्ची डूब गई। बच्ची की तालाब में डूबने की सूचना मिलते ही तालाब के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों के द्वारा तालाब से बच्ची को निकाला गया। लेकिन तब तक बच्ची दम तोड़ चुकी थी।
मृतक बच्ची की पहचान कुमार गांव निवासी विकास कुमार की 12 वर्षीय पुत्री राजनंदनी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि राजनंदनी बगल के ही कुछ लोगों के साथ गांव स्थित महारानी थान मंदिर में पूजा करने गई थी। जहां पूजा करने से पहले सभी लोग पास के ही तालाब में स्नान कर रहे थे। तभी राजनंदनी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गई।
वहीं, उसके साथ स्नान कर रहे अन्य बच्चों और महिलाओं ने बच्ची की डूबने को लेकर शोर मचाने लगीं। तभी मंदिर परिसर के आसपास लोग शोर मचाने की आवाज सुनकर तलाब की ओर भागे और तालाब में कूद कर बच्ची को बचाने का भरपूर प्रयास किया। लेकिन बच्ची ने तब तक दम तोड़ चुकी थी। वहीं बच्ची के परिजन व स्थानीय लोगों के द्वारा बच्ची को इलाज के लिए पास के ही एक निजी क्लीनिक में लाया गया। जहां जांचोपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बच्ची की मौत की जानकारी के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, घटना की जानकारी के बाद सिकंदरा थानाध्यक्ष विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना को लेकर जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि नहाने के दौरान तालाब में एक 12 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हुई है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।