बेगूसराय में पूर्व सरपंच के बेटे ने किया मासूम का रेप
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय में पूर्व सरपंच के बेटे ने नशे की हालत में एक नाबालिक बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया है। उस बच्ची को बचाने के क्रम में दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। फिलहाल दोनों बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र की है। इस घटना को लेकर पंचवीर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खुद को बचाने के लिए घुसी बाथरूम में
घटना के संबंध में डीएसपी हेडक्वार्टर निशीत प्रिया ने बताया कि दो बच्चियां मध्य विद्यालय पंचवीर के परिसर में झुला झूल रही थी। तभी नशे में धूत पंचवीर के पूर्व सरपंच गोविंद महतो का पुत्र छोटू महतो वहां आया और बच्ची के साथ जबरदस्ती करने लगा। उसकी इस नापाक हरकत को देखकर दोनों बच्चियां भागकर स्कूल के बाथरूम में घुस गई। फिर आरोपी छोटू जबरदस्ती बाथरूम में घुस कर इस घिनौने घटना को अंजाम दिया।
सहेली को बचाने की कोशिश में दूसरी को किया जख्मी
सदर हेड क्वार्टर डीएसपी निशित प्रिया ने बताया कि अपनी सहेली को बचाने की कोशिश करने पर आरोपी छोटू महतो ने पीडिता की सहेली को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चियों के द्वारा चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो लोग आरोपी छोटू महतो को पीटने के लिए दौड़ पड़े। इससे पहले कि छोटू वहां से बचकर भाग पाता, लोगों ने उसे घेर कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
भडक उठे लोग
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग वहां जमा हो गए। वे लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस प्रशासन से आरोपी छोटू महतो पर तुरंत कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ साथ वरीय पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाबुझा कर किसी तरह मामले को शांत किया। बताया जा रहा है कि इस घटना से लोगों में काफी आक्रोश है। हालांकि पुलिस फिलहाल पंचबीर में कैम्प कर रही है।