फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Election Results 2020 Live: हार पर कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप शुरू, मिश्रा बोले- सोनिया जी बचा लीजिए

Wed, 11 Nov 2020 07:28 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

बिहार की सियासी पिच पर महागठबंधन ने बेशक एनडीए को कांटे की टक्कर दी हो लेकिन बाजी आखिरकार उसके हाथ से निकलकर एनडीए के पाले में चली ही गई। 243 विधानसभा वाले राज्य में एनडीए गठबंधन को बहुमत के लिए 125 सीटों की दरकार थी जो उसे हासिल हो गई है। नतीजे आने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर पर बैठक है। वहीं शाम छह बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और जश्न में शामिल होंगे। दूसरी ओर चिराग पासवान ने बिहार के लोगों से मिले प्यार के लिए उन्हें धन्यवाद कहा है। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-
विज्ञापन
अमित शाह-जेपी नड्डा - फोटो : Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:35 PM, 11-Nov-2020

बिहार की जनता ने मोदी जी को देखकर वोट किया: फडणवीस

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि बिहार की जनता ने एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताया है। लोगों ने मोदी जी को देखकर वोट किया और नीतीश कुमार जी की साफ छवि का भी हमें फायदा मिला।

जहां तक महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन का सवाल है हम उसकी तरफ नजर गड़ाए नहीं बैठे हैं। ये जो सरकार महाराष्ट्र में है ये अपने बोझ से एक दिन चरमराएगी। ऐसी सरकारें चलती नहीं हैं। जिस दिन चरमराएगी उस दिन हम वैकल्पिक सरकार देंगे।

05:23 PM, 11-Nov-2020

सोनिया जी हम कांग्रेसियों को बचा लीजिए: मिश्रा

कांग्रेस के ऋषि मिश्रा ने पार्टी को बिहार में मिली हार का ठीकरा अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर फोड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा की वजह से आज हमारी सरकार नहीं बनी। 40 वर्षों से आप मिथिलांचल में राजनीति कर रहें। राजद ने आपको 70 सीट दीं और आप 19 सीट ही जीते, आप से अच्छा प्रदर्शन लेफ्ट पार्टी करती है। मेरा सोनिया जी से निवेदन है कि आप हम कांग्रेसियों को बचा लीजिए।

05:01 PM, 11-Nov-2020

तेजस्वी एक बहुत अच्छा लड़का है: उमा भारती

भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने बुधवार को कहा कि तेजस्वी एक बहुत अच्छा लड़का है। लेकिन बिहार ने अपने आपको नुकीले दांतों से बचा लिया, क्योंकि वह राज्य को संभाल नहीं पा रहा था। लालू आखिरकार बिहार को जंगलराज में पीछे धकेलने में जुट हुए थे। तेजस्वी नेतृत्व कर सकते हैं लेकिन बड़े होने के बाद। 

उमा भारती ने मध्य प्रदेश उपचुनाव को लेकर कहा कि कमलनाथ जी ने इस चुनाव को बहुत अच्छे से लड़ा है। हो सकता है कि अगर वह अपनी सरकार ठीक ढंग से चलाते तो यह समस्या नहीं होती। वह मेरे बड़े भाई की तरह हैं और एक बहुत ही सभ्य व्यक्ति हैं। उन्होंने इस चुनाव को बहुत ही चतुराई से लड़ा।

विज्ञापन
04:38 PM, 11-Nov-2020

सत्ता विरोधी लहर के दावे झूठे, नीतीश मुख्यमंत्री बने रहेंगे

बिहार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल ने बुधवार को कहा कि इस जीत ने सत्ता विरोधी लहर के दावों को नकार दिया है। नीतीश कुमार पहले की तरह प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। 

02:36 PM, 11-Nov-2020

नड्डा से मिलने उनके आवास पहुंचे अमित शाह

चुनाव परिणाम के बाद आज गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी। शाह ने कहा, 'बिहार विधानसभा चुनाव और विभिन्न प्रदेशों के उपचुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और नड्डा जी के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता देश के समग्र विकास के लिए समर्पित हैं।'
 
 

विज्ञापन
01:59 PM, 11-Nov-2020

वो अपने चिराग से भस्म हो गए हैं: जीतन राम मांझी

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा, 'जिस डाल पर बैठें और उसी डाल को काट दें तो हश्र क्या होता है... ठीक उसी प्रकार से चिराग साहब ने जिस फोल्ड में रहे उसे ही हराने और बर्बाद करने का काम किया। निश्चित तौर पर डाल तो कटी है लेकिन उसके साथ वो भी गिरे हैं और अपने चिराग से भस्म हो गए हैं।'

 
 

01:36 PM, 11-Nov-2020

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटना में मनाया जश्न

बिहार चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिली जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटना में पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया।
 
 

12:53 PM, 11-Nov-2020

नीतीश ही बनेंगे मुख्यमंत्री: जदयू नेता

जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी का कहना है कि नीतीश कुमार अभी दिल्ली नहीं जाएंगे, उनके चेहरे पर चुनाव लड़ा गया है और मुख्यमंत्री भी वही बनेंगे। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस तरह का एजेंडा सेट करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके अपने विचार हैं। मगर बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नाम पर ही वोट दिया है। 

12:45 PM, 11-Nov-2020

जनता ने एनडीए को दिया स्पष्ट जनादेश: सुशील मोदी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा, 'मैं बिहार के लोगों को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने चौथी बार एनडीए में विश्वास व्यक्त किया। यह साधारण नहीं है। भारतीय राजनीति में बहुत कम ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिनपर लोगों ने चौथी बार भरोसा किया है। जनता ने एनडीए को स्पष्ट जनादेश दिया है, इसमें कोई भ्रम नहीं है। एक गठबंधन में, सभी पार्टियां समान संख्या में सीटें नहीं जीतती हैं। किसने कितनी सीटें जीतीं यह अप्रासंगिक है। लोगों ने एनडीए को वोट दिया। भाजपा ने जदयू की जीत में और जदयू ने भाजपा की जीत में भूमिका निभाई। जदयू, भाजपा, वीआईपी और हम ने एक साथ काम किया, फिर हमने जीत दर्ज की।'
 
 

12:39 PM, 11-Nov-2020

नीतीश कुमार ने मौलाना अबुल कलाम आजाद को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में एक अन्ने मार्ग पर भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद को पुष्पांजलि अर्पित की।
 
 

11:46 AM, 11-Nov-2020

चिराग पासवान बोले- हमें पिछलग्गू पार्टी कहा जाता था

चिराग पासवान ने नतीजे सामने आने के बाद बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने कहा, 'बिहार की जनता द्वारा दिए गए प्यार से खुश हूं। करीब 25 लाख मतदाताओं ने 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' पर भरोसा किया और अकेले चुनाव लड़ते हुए हमने 6 फीसदी वोट हासिल किए। हमें पिछलग्गू पार्टी कहा जाता था जो केवल दूसरे के समर्थन से कुछ कर सकती है। लेकिन हमने साहस दिखाया है।'
 
 

11:38 AM, 11-Nov-2020

नीतीश के घर बैठक होगी बैठक

बिहार विधानसभा चुनाव में बहुमत मिलने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर बैठक होने वाली है। बैठक में आरसीपी सिंह, अशोक चौधरी सहित पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे।

10:45 AM, 11-Nov-2020

भाजपा के जश्न में शामिल होंगे पीएम मोदी

बिहार विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा में जश्न का माहौल है। बिहार की जनता ने एनडीए को पूर्ण बहुमत दिया है। वही गठबंधन में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसे लेकर भाजपा मुख्यालय में जश्न की तैयारी है। शाम को पांच बजे जेपी नड्डा तो छह बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्याल पहुंचेंगे।  

10:30 AM, 11-Nov-2020

पटना में भाजपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर्स

बिहार चुनाव में एनडीए की जीत दर्ज करने के बाद पटना में भाजपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर्स। एनडीए गठबंधन में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पोस्टर्स में बिहारवासियों को धन्यवाद दिया गया है।
 
 

10:10 AM, 11-Nov-2020

बिहार में बहार आई: प्रकाश जावड़ेकर

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर बिहार के चुनाव परिणामों पर कहा, 'बिहार में बहार आई, एनडीए ने कमाल किया। बिहार और पूरे देश को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस तरह का भरोसा है- लोग देश की प्रगति चाहते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों द्वारा की गई राजनीति को खारिज कर दिया है।'
 
 

09:42 AM, 11-Nov-2020

मनोज तिवारी ने ट्वीट किया पूजा-पाठ का वीडियो

बिहार विधानसभा के नतीजे आने के बाद भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पूजा-पाठ का एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने लिखा, 'बिहार में एनडीए की स्पष्ट जीत के बाद खुशी के आंसू निकल गए.. अपने घर में स्थित मां जगतजननी मां विंध्य्वासिनी के सामने बैठ गया.. मां आपकी कृपा बनी रहे.. बिहार के महान मतदाता भाई बहनों का कोटिशः धन्यवाद।'
 
 

09:32 AM, 11-Nov-2020

शाम छह बजे भाजपा मुख्यालय जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम को शाम छह बजे दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे।

09:11 AM, 11-Nov-2020

अश्विनी चौबे ने नीतीश कुमार को बताया मैन ऑफ द मैच 

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने नीतीश कुमार को मैन ऑफ द मैच बताया है। उन्होंने कहा, 'नीतीश कुमार के पास बड़ा अनुभव है। पार्टी ने तय किया है कि चाहे जो भी हो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे। नीतीश कुमार मैन ऑफ द मैच हैं। आईपीएल मैच में बहुत अच्छे और कुशल बैट्समैन के तौर पर नीतीश जी सामने आए। वे किसी भी पिच पर बैट्समैन की भूमिका निभा सकते हैं।'
 

09:00 AM, 11-Nov-2020

11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे चिराग पासवान

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान आज सुबह 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उनकी पार्टी को विधानसभा चुनाव में केवल एक सीट पर जीत मिली है। लोजपा ने इस बार एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ा था।

08:43 AM, 11-Nov-2020

गिरिराज ने अनोखे अंदाज में तेजस्वी को करवाया रन आउट

बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक फेसबुक पोस्ट किया है। फेसबुक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे हैं। इसमें तेजस्वी को रन आउट होते दिखाया गया है। इसकी खास बात यह है कि तेजस्वी ने जो जर्सी पहनी है वो पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जर्सी जैसी है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा- अच्छा है।
 


 

 

08:36 AM, 11-Nov-2020

पटना में लगे नीतीश कुमार को पोस्टर

राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए को मिली जीत के बाद पटना में उनके पोस्टर लगाए गए हैं। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 125 सीटें जीतीं हैं।
 
 

08:35 AM, 11-Nov-2020

राजद हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ेगी: सुशील कुमार मोदी

बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल चुनाव में मिली हार को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है और अब वो अपनी हार का ठीकरा इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर फोड़ेगी। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, 'राजद वही पार्टी थी जिसने चुनावों का विरोध किया था लेकिन जब राहुल गांधी ने ईवीएम को मोदी वोटिंग मशीन कहा तो मुझे यकीन था कि राजद भी अपनी हार के लिए ईवीएम को दोषी ठहराएगी।'

07:55 AM, 11-Nov-2020

बिहार चुनाव परिणाम: हार पर कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप शुरू, मिश्रा बोले- सोनिया जी बचा लीजिए

मंगलवार देर रात चुनाव आयोग ने परिणामों की घोषणा की। इसमें एनडीए को बहुमत के लिए जरूरी सीटें मिल गई हैं। वहीं महागठबंधन को 110 सीटें मिली हैं। इसके अलावा एआईएमआईएम को पांच, लोक जनशक्ति पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को एक-एक और एक निर्दलीय उम्मीदवार को जीत हासिल हुई है। एनडीए गठबंधन में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं जनता दल यूनाइटेड के प्रदर्शन में गिरावट आई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें