भाकपा माले ने अपनो कोटे के सभी 19 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। भाकपा माले पहले चरण की आठ सीटों पर मैदान में है। भाकपा ने भी अपने सभी 6 और माकपा ने अपने सभी 4 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
विश्व मोहन मंडल और लोजपा सांसद महबूब अली के बेटे राजद में
जदयू के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता विश्व मोहन मंडल और खगड़िया से लोजपा सांसद महबूब अली कैसर के पुत्र यूसुफ कैसर ने सोमवार को राजद की सदस्यता ग्रहण की। दोनों नेताओं को राजद नेता तेजस्वी यादव की मौजूदगी में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पार्टी की शपथ दिलाई है। इस दौरान यूसुफ कैसर ने कहा कि वे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे। इस दौरान राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता सांसद मनोज झा भी उपस्थित रहे।
राबड़ी के आवास पर प्रदर्शन
दिवंगत रघुवंश सिंह के इलाके से अच्छी संख्या में लोग 10 सर्कुलर मार्ग पहुंचे। इस दौरान इन लोगों ने रामा सिंह के राजद में कथित तौर पर प्रवेश देने की तैयारी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के सामने भी रामा सिंह के विरोध में नारेबाजी की। दिवंगत रघुवंश प्रसाद सिंह अमर रहे के नारे भी लगाए।
राजद एससी-एसटी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश सचिव शक्ति मलिक हत्याकांड से बिहार की राजनीति गरमा गई है। शक्ति मलिक की पत्नी ने इस मामले में लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटों तेजप्रताप और तेजस्वी यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इस घटना ने चुनाव के समय विरोधियों को बैठे-बिठाए बड़ा मुद्दा दे दिया है।
जदयू ने बिना देर लगाए इस मुद्दे का सियासी इस्तेमाल शुरू कर दिया है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी समेत प्रवक्ताओं ने इस मसले में तेजस्वी और तेजप्रताप को घेरना शुरू कर दिया है। मामले को दलित समाज पर हो रहे अत्याचार से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है।
उधर भाजपा ने इस मुद्दे पर राजद पर दलितों की आवाज बंद करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पूछा कि क्या राजद का यही सामाजिक न्याय है। एक युवा दलित नेता शक्ति मलिक की राजद छोड़ने के बाद हत्या कर दी गई। पात्रा ने कहा कि मलिक की पत्नी ने राजद नेता पर आरोप लगाया है कि उसके पति से चुनाव में टिकट के नाम पर पैसे मांगे गए।