त्रिकोणीय नहीं द्विपक्षीय ही होगा चुनाव
राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, भाजपा और जद (यू) इन चारों दलों के नेताओं का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव द्विपक्षीय ही होगा। मुंगेर से कांग्रेस के नेता पंकज सिंह का कहना है कि अभी पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने दीजिए। इसके बाद राजनीति की हवा साफ-साफ बहने लगेगी। बताते हैं कि राज्य में पप्पू यादव, उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा ने भले ही बसपा के साथ चुनावी तालमेल बनाया है। इसमे मुकेश साहनी की वीआईपी भी शामिल हो सकती है, लेकिन इससे खास फर्क नहीं पड़ने वाला है। महागठबंधन के नेताओं का मानना है कि बिहार में जद (यू) और भाजपा की पूरी कोशिश तीसरा मोर्चा खड़ा करने की थी। ताकि त्रिकोणीय स्थिति में वोट का बंटवारा हो जाए और एनडीए आसानी से चुनाव जीत जाए, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता काफी नाराज है। कांग्रेस के नेता शकील अहमद को भी बिहार में जमीनी स्तर पर जनता की नाराजगी से ही भरोसा है कि चुनाव रोचक होगा।