बिहार में अगले हफ्ते पहले चरण के लिए होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। सभी जनता से बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। इस बीच आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला भी लगातार जारी है। सभी पार्टियों के नेता एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख चिराग पासवान ने एक ट्वीट के जरिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है।
चिराग ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा है, पिछली बार आदरणीय लालू प्रसाद जी के आशीर्वाद से आदरणीय नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री बने और फिर उनको धोखा देकर प्रधानमंत्री जी के आशीर्वाद से रातों रात मुख्यमंत्री बन गए। इस बार कहीं आदरणीय नरेंद्र मोदी जी का आशीर्वाद लेकर फिर आदरणीय लालू प्रसाद जी के शरण में ना चले जाएं साहब।'
वहीं, गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पटना में भाजपा का घोषणापत्र जारी कर दिया। इसके कुछ देर बाद सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने भी पटना में अपना घोषणापत्र जारी कर दिया।
भाजपा के पास नहीं है कोई चेहरा
बिहार चुनाव के लिए भाजपा के घोषणापत्र पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'बिहार चुनाव के लिए भाजपा के पास कोई चेहरा नहीं है। विजन डॉक्यूमेंट जारी करने के लिए वित्त मंत्री को आना पड़ा। चूंकि वह यहां हैं, सीतारमण जी को पहले यह बताना चाहिए कि उन्होंने बिहार को विशेष पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दिया।'
लालू ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्हें मौका मंत्री करार दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘मुख्य-मौका मंत्री जी और उप मुख्य-धोखा मंत्री जी, जनता ने बहुत दिया आपको मौका और आप ने दिया जनता को धोखा।’