डॉ. चंद्रशेखर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
पटना के जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आज आयकर गोलम्बर स्थित न्यू गार्डिनर रोड सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। शुक्रवार सुबह लगभग 09:50 बजे अस्पताल पहुंचकर जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्ड एवं कक्ष का निरीक्षण किया तथा मरीजों से फीडबैक लिया। उन्होंने जेनरल ओपीडी, सुपर-स्पेशियलिटी ओपीडी, डायलिसिस, डायबिटीज, एक्स-रे, पैथोलोजी, ईसीजी, आईपीडी, इमरजेंसी, नेत्र चिकित्सा सहित सभी वार्ड एवं कक्ष में सुविधाओं का जायजा लिया।
डीएम डॉ. सिंह ने दवा वितरण काउंटर का भी निरीक्षण किया
जिलाधिकारी द्वारा मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में पूछा गया। उन्होंने मरीजों से यह भी पूछा कि सुविधाओं को प्राप्त करने में कोई परेशानी तो नहीं हो रही है। मरीजों द्वारा अस्पताल की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
आवश्यक दवाओं की सदैव उपलब्धता सुनिश्चित करें
डीएम डॉ. सिंह ने अस्पताल प्रबंधन को निदेश दिया कि आवश्यक दवाओं की सदैव उपलब्धता सुनिश्चित करें। मौसम के अनुसार भी दवा उपलब्ध रहनी चाहिए ताकि रोगियों को कोई समस्या न हो। रोस्टर के अनुसार चिकित्सक ड्यूटी पर मुस्तैद रहें। जिलाधिकारी ने बेहतर अस्पताल प्रबंधन पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और सुदृढ़ करने का निदेश दिया। जिलाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह के आज न्यू गार्डिनर रोड सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल के औचक निरीक्षण के समय चार चिकित्सक हीना प्रवीण, गजला शेहर, अमिष कुमार एवं पुष्पा प्रकाश अनुपस्थित पाए गये। बायोमेट्रिक एटेंडेंस प्रणाली में भी इन सबकी उपस्थिति दर्ज नहीं थी। ज़िलाधिकारी द्वारा इन सभी अनुपस्थित चिकित्सकों का आज का वेतन अगले आदेश तक अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण पूछने का निदेश दिया गया है।