बिहार के नवादा में एक एसपी पर कथित रूप से पुलिसकर्मियों को हवालात में बंद करने का आरोप लगा है। वहीं, एसपी इस मामले को फर्जी बता रहे हैं। इस मामले में पुलिस संगठन ने एसपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
बिहार में एक और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि राज्य में एक एसपी पर पुलिसकर्मियों को हवालात में बंद करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि ये घटना गुरुवार को नवादा में हुई। यहां एक पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने पांच पुलिसकर्मियों को दो घंटे से ज्यादा समय तक हवालात में बंद रखा था। अब बिहार पुलिस संघ ने शनिवार को घटना की न्यायिक जांच की मांग की है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात नवादा जिले के एक थाने में पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला तीन सहायक उप निरीक्षकों और दो उप निरीक्षकों से नाराज थे। इसी दौरान की यह घटना बताई जा रही है। मामले में जब पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया तो उन्होंने इसे फर्जी करार दिया।
बिहार पुलिस संघ के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। हमें घटना के तुरंत बाद नवादा शाखा से जानकारी मिली। पुलिसकर्मियों के व्हाट्सएप ग्रुप पर भी इस पर चर्चा की जा रही है
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप लग रहे हैं कि पुलिस अधीक्षक मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रहे हैं। वे पीड़ित पुलिसकर्मियों पर दबाव बना रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ की भी कोशिश की जा सकती है। मामले में जल्द से जल्द FIR दर्ज होनी चाहिए।