राज्यसभा सांसद धीरज साहू के खिलाफ प्रदर्शन करती भाजपा
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी रोहतास जिला इकाई ने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के खिलाफ सासाराम पोस्ट ऑफिस चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। दरअसल, सांसद धीरज साहू के ठिकाने से करीब ठिकानों से 450 करोड़ से अधिक नकदी बरामद की गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में सहयोगी की भूमिका निभाने वाली कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के यहां से 450 करोड़ से अधिक नकदी बरामदगी, सब कुछ साबित करता है कि कांग्रेस और उनके नेता पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नोटबंदी लागू की थी, तब सबसे अधिक कांग्रेस ने ही विरोध किया था। यही कारण है कि कांग्रेस के शासनकाल में जितने भी घोटाले और भ्रष्टाचार हुए हैं, उन सभी का पैसा ही अब उनके नेताओं के पास से बरामद हो रहा है। राज्यसभा सांसद धीरज साहू व्यापारी की आड़ में कांग्रेस शासनकाल में किए गए घोटाले के रुपये को अपने पास रखे हुए थे जिसकी बरामदगी हुई है। कांग्रेस और यूपीए के शासनकाल में किए गए घोटालों का आज पर्दाफाश हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू किए गए नोटबंदी का असर धीरज साहू के पास से बरामद किए गए ब्लैक मनी से ही साबित हो रहा है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि इसके पहले बेंगलुरु में कांग्रेस नेता के रिश्तेदार के यहां से 42 करोड़ रुपये, उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले पीयूष जैन के यहां से 200 करोड़ रुपये और जुलाई 2022 में ममता सरकार के मंत्री पार्थ बनर्जी के ठिकाने से 50 करोड़ नकदी बरामद हुई थी। उन्होंने कहा कि एक तरफ ‘घमंडिया’ गठबंधन है जहां भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, दलाली की गारंटी है। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी है जो भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी की गारंटी मतलब बेईमानी से पाई-पाई वसूलने की गारंटी।