फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar : भाजपा सांसद को दी धमकी, जदयू के पूर्व MLA की हत्या का ऐलान; भाकपा माओवादी ने पोस्टर लगाए

Wed, 08 Feb 2023 08:40 PM IST
कुमार जितेंद्र ज्योति न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद

सार

मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा से तीन दिन पहले प्रतिबंधित नक्सली संगठन ने पोस्टर लगाकर औरंगाबाद के भाजपाई सांसद सुशील कुमार सिंह और गोह के पूर्व विधायक व सत्ताधारी जनता दल यूनाईटेड (JDU) के वरीय नेता डॉ. रणविजय कुमार की हत्या का ऐलान किया है।
विज्ञापन
माओवादियों की इस धमकी से औरंगाबाद में सनसनी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा से तीन दिन पहले प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने जगह-जगह पोस्टर लगाकर औरंगाबाद के भाजपाई सांसद सुशील कुमार सिंह और गोह के पूर्व विधायक व सत्ताधारी जनता दल यूनाईटेड (JDU) के वरीय नेता डॉ. रणविजय कुमार की हत्या का ऐलान किया है। अरसे बाद ऐसे पर्चों से औरंगाबाद की राजनीति में भूचाल आ गया है। नक्सलियों ने पूर्व विधायक को मारकर खेत में गाड़ने का ऐलान किया है, जबकि सांसद को क्षेत्र में नहर नहीं लाने पर विरोध की धमकी दी है। पोस्टर में पूर्व विधायक और सत्ताधारी पार्टी जदयू के  कार्यालय को उड़ाने की भी धमकी दी गई है। पोस्टर के नीचे अंत में लाल सलाम अंकित है। यह पोस्टरबाजी औरंगाबाद के गोह और बंदेया थाना क्षेत्र के कई गांवों में की गई है। गोह थाना के पेमा व डिहुरी तथा बंदेया थाना के महरी एवं जैतिया गांव के ग्रामीणों ने पोस्टर देखे जाने की पुष्टि की है। पोस्टरबाजी से पलिस महकमे में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने पोस्टरबाजी की पुष्टि की है, लेकिन हद यह कि पोस्टर पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।

विज्ञापन


पर्चों में MP के बारे में क्या लिखा गया है
पोस्टर हस्तलिखित है, जो काले और ब्लू कलर में बॉल प्वाइंट पेन से भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के लेटरपैड पर लिखा गया है। पोस्टर में पत्रांक 1883, तारीख 05 फरवरी 2023 और स्थान चाल्हो जोन लिखा है। सलैया और कासमा थाना क्षेत्र का जंगली-पहाड़ी इलाका नक्सलियों के चाल्हो जोन के रूप में चर्चित रहा है और एक समय नक्सली दिन के उजाले में भी इस जोन में खुलेआम घूमा करते थे। ब्लू कलर में लिखे पोस्टर के पहले पारा में कहा गया है कि "सांसद सुशील सिंह जब तक अपने क्षेत्र में नहर नहीं लाएंगे, तब तक क्षेत्र में घूमने पर मार्क्सवादी (एमसीसी) कम्युनिस्ट पार्टी आपको प्रतिबंधित करती है। यदि आप आदेश नहीं मानेंगे तो माओवादी का विरोध झेलना पड़ेगा।"
 

विज्ञापन

कई इलाकों में यह पोस्टर चिपकाए गए, हालांकि पुलिस के हाथ नहीं लगे। - फोटो : अमर उजाला
पर्चे में नेता समेत जदयू दफ्तर उड़ाने की धमकी
लाल रंग से दूसरे पाराग्राफ में गोह के पूर्व विधायक रणविजय सिंह को हत्या की धमकी दी गई है। लिखा गया है- "पूर्व विधायक गोह रणविजय सिंह आपका वही हाल किया जाएगा, जो पिसाय सुशील पांडेय का किया गया, जिसका शव आज भी गरीब किसान के खेत की उपज बढ़ा रहा है। पोस्टर में पूर्व विधायक के बारे में आगे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा गया है कि गोह चौक पर आप सामंतवादी सोच और रंगदारीपूर्वक जो बैठते है, वहीं पार्टी कार्यालय एवं तुमको उड़ा दिया जाएगा। अपना सोच बदलो। मार्क्सवाद कभी खत्म नहीं होता। हमारे सभी कामरेड जो जेल में बंद या बाहर हैं, सभी तुम्हारी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। कभी भी तुम्हारा विचारधारा बदला जा सकता है।"

MLA और MP को पहले से मिली है सुरक्षा
पहले भी पूर्व विधायक रणविजय कुमार की हत्या करने की धमकी देते हुए नक्सलियों ने कई बार पोस्टर चिपका चुके हैं। इसी कारण राज्य सरकार ने पूर्व विधायक व उनके गांव की सुरक्षा को लेकर बंदेया में थाना भी स्थापित कर दिया है और राज्य सरकार ने उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा दे रखी है। वहीं, सांसद सुशील कुमार सिंह के खिलाफ भी नक्सली पूर्व में पोस्टरबाजी कर चुके हैं। नक्सलियों के टारगेट पर रहने के कारण ही सांसद को केंद्र सरकार की ओर से सीआरपीएफ की सुरक्षा हासिल है। इसके बावजूद एक बार फिर से नक्सलियों ने पोस्टर चिपकाकर इस तरह की धमकी दी है।

पुलिस पुष्टि कर रही, मगर पर्चे हाथ नहीं लगे
गोह थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने कहा कि पूर्व विधायक से भी इसकी सूचना मिली है और पेमा एवं डिहुरी गांव के लोगों ने भी जानकारी दी है। पुलिस के मौके पर पहुंचने के पहले ही वहां से पोस्टर हटा लिए गए। बंदेया के प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने भी पोस्टर चिपकाने की पुष्टि की, लेकिन यहां पर्चे के सिर्फ निशान मिले। 

पोस्टर से क्या याद दिला रहे माओवादी
पूर्व विधायक को धमकी देने के क्रम में जिस हत्या का जिक्र है, उसे 2013 में नक्सलियों ने अंजाम दिया था। अक्टूबर 2013 में नक्सलियों ने लैंडमाइंस बिछाकर वाहन को उड़ा दिया था, जिससे सुशील पांडेय समेत वाहन पर सवार दर्जनभर लोगों की मौत हो गई थी। उनकी लाश तक के चीथड़े उड़ गए थे।                           

पूर्व विधायक और सांसद की प्रतिक्रिया
डॉ. रणविजय कुमार ने कहा कि नक्सली मृतप्राय हो चुके हैं। सरकार के विकास, सीआरपीएफ और कोबरा के प्रहार से इनकी कहानी खत्म हो चुकी है। 42 साल से इनसे लड़ाई लड़ रहा हूं। इनकी चुनौती कबूल है। वहीं, सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि मैं तो जनता की सेवा के प्रति संकल्पित हूं। जनता की सेवा में मेरी जान लेने से नहर आ जाती है तो मैं अपनी जान देने को भी तैयार हूं। मैं तो 24 घंटे अपनी जान हथेली पर लेकर ही चलता हूं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें