रक्तवीरों से बातचीत करते सीएम सम्राट चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से अटल सभागार में रक्तदान शिविर लगाया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
रक्तदान करने वाले युवाओं का बढ़ाया उत्साह
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर में युवा मोर्चा के साथ अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्तदान कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत की और उनके सेवा कार्य की सराहना की। उन्होंने रक्तदान करने वाले युवा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
‘मोदी के 25 साल का सफर सेवा और सुशासन को समर्पित’
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का संकल्प लगातार दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से गरीबों के लिए आवास, घर-घर बिजली, खाद्यान्न, स्वास्थ्य सुविधाओं और शौचालय जैसी योजनाओं को व्यापक स्तर पर लागू किया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इन योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है।
मोदी के जीवन पर आधारित पुस्तकों की प्रदर्शनी का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा प्रवक्ता और बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के अध्यक्ष सुरेश रूंगटा की ओर से लगाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, व्यक्तित्व, संघर्ष और सार्वजनिक जीवन पर आधारित पुस्तकों के स्टॉल का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में रखी पुस्तकों का अवलोकन किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के जीवन तथा राष्ट्रसेवा से जुड़े साहित्य को पढ़ने का आग्रह किया।
बिहार: इंजीनियर के पास लिफ्ट वाला बंगला, फ्लैट, जमीन, जेवर मिले, पत्नी-सास के नाम पर करोड़ों की संपत्ति
आर्थिक विकास और सुरक्षा को लेकर सरकार के काम गिनाए
सम्राट चौधरी ने कहा कि आजादी के बाद देश के जनकल्याण, आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत को विकसित एवं समृद्ध बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन को देश की सेवा और विकास के प्रति समर्पित बताया।