फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीजेपी और मांझी में डील, किसको मिली कितनी सीट

विज्ञापन
विज्ञापन
बिहार विधानसभा चुनावों के लिए एनडीए ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर एनडीए के घटक दलों खासकर मांझी के बीच जो पेंच फंसा था उसे सुलझा लिया गया है।
विज्ञापन


दिल्ली में प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सीटों के बंटवारे के फार्मूले की घोषणा की। जिसके तहत भाजपा को 160, राम विलास पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी को 40, उपेन्द्र कुशवाहा की रालोसपा को 23 और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के हिंदुस्तान अवाम मोर्चा को 20 सीटें दी जाएंगी।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को मनाने के लिए भाजपा ने एक फार्मूला भी निकाला है जिसमें मांझी के कुछ प्रत्याशियों को भाजपा अपने सिंबल पर चुनाव लड़वाएगी।
विज्ञापन

एकता दिखाने के लिए सबको साथ लेकर पहुंचे शाह

सीटों के बंटवारे में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में एकजुटता को लेकर किसी प्रकार का शक सुबहा न रहे इसके लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गठबंधन के चारों सहयोगी दलों के नेताओं को साथ लेकर मंच पर पहुंचे।

अमित शाह ने यह बात भी साफ कर दी कि बिहार का चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा। हालांकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन रहेगा इसका कोई जिक्र नहीं किया गया।

साफ था कि सारा चुनाव मोदी और अमित शाह की जोड़ी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने दावा किया मोदी के नेतृत्व में पार्टी झारखंड, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और महाराष्ट्र की तरह जीत हासिल करेगी।

कांग्रेस पर लगाया 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप

सीटों की घोषणा करने से पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने विरोधी महागबंधन पर भी जमकर तंज कसे। उन्होंने अपनी बात की शुरूआत ही इससे की कि विपक्षी महागठबंधन तो चुनाव से पहले ही बिखर गया है।

गठबंधन के मुखिया ही उसके साथ नहीं हैं। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर नया आरोप लगाते हुए कहा कि 12 लाख करोड़ का भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस के साथ मिलकर नीतीश कुमार बिहार से भ्रष्टाचार दूर करने की बात करते हैं।

शाह ने लालू को भी नहीं बख्‍शा कहा, जिस लालू राज को जंगलराज कहकर नीतीश कुमार खुद सत्ता में आए आज उसी जंगलराज वाले लालू के साथ कानून व्यवस्‍था बनाने की बात करते हैं। सीट बंटवारे का मुद्दा सुलझने के बाद काफी उत्साह में नजर आ रहे अमित शाह ने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा गठबंधन बिहार में एकतरफा जीत हासिल करेगा।

वहीं उन्होंने एनडीए से अलग होने का ठीकरा भी नीतीश कुमार पर फोड़ा। कहा भाजपा के साथ मिलकर बहुमत पाने वाले नीतीश कुमार ने भाजपा की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है।

शाह ने खुलासा करते हुए बताया कि नीतीश कुमार के इशारे पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को बीती रात आधी रात को बिहार सदन से बाहर निकाल दिया गया।
विज्ञापन

मांझी ने कहा मैं शाह का शुक्रगुजार

वहीं सीटों के बंटवारे की घोषणा के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि जीतन राम मांझी ने कहा कि सीटों के बंटवारे से मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं। मैं अमित शाह का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मेरे ‌लिए सीटों की इस तरह व्यवस्‍था की हमारे उम्‍मीदवारों को अपनी पार्टी से चुनाव लड़वाएंगे।

हालांकि लगातार बने रहे गतिरोध पर उन्होंने कहा कि हम तो एनडीए के पक्ष की ही बात कर रहे थे कि जिसका जनाधार है उसे सीट ज्यादा दोगे, लड़ने का मौका दोगे तो ज्यादा लोग जीतकर आएंगे।

वहीं लोकजनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि सीटों के बंटवारे से हम पूरी तरह संतुष्‍ट हैं। हमने पहले ही कहा था कि हमारी लड़ाई सीट की नहीं है। हमारा एक ही उद्देश्य है कि एनडीए की सरकार बने। महागठबंधन वाली नीतीश कुमार की सरकार जाए। हमारा विकास का मुद्दा है। पासवान ने बताया कि चुनाव में लोजपा के लिए मुख्य प्रचारक चिराग पासवान होंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें