सीवान के मलमलिया ओवरब्रिज के पास हुए तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए साजिश रचने वाले पेट्रोल पंप को सील कर दिया और अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मलमलिया ओवरब्रिज के पास शुक्रवार शाम हुए तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। घटना के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए उस पेट्रोल पंप को सील कर दिया है, जहां पर हत्याकांड की साजिश रची गई थी।
विज्ञापन
सीवान के एसपी मनोज तिवारी के निर्देश पर पेट्रोल पंप के पास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वहीं, पुलिस ने अब तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा करीब आधा दर्जन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के कारण एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले गाड़ी से कुचलकर फिर तलवार से वार किया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण के डीआईजी नीलेश कुमार और एसपी मनोज तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी के निर्देश पर भगवानपुर हाट थाना प्रभारी सुजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
डीआईजी नीलेश कुमार ने कहा कि वे खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) के साथ एक अतिरिक्त टीम का गठन किया है, जो फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।