अस्पताल में भर्ती जमीन कारोबारी मोहम्मद आजाद
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में भागलपुर के पुलिस जिला नवगछिया में मुमताज मोहल्ला निवासी मोहम्मद आजाद (40) को नकाबपोश बदमाश ने सरेआम दियारा इलाके में गोली मार दी। गोली लगने के बाद खून से लथपथ आजाद वहां से जैसे-तैसे बचकर भाग निकले। बड़ी मुश्किल से घायल आजाद नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचा। जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बदमाशों ने आजाद को दो गोली मारी हैं।
प्रदेश में क्राइम कंट्रोल पर अंकुश लगाने और एक सफल पुलिसिंग का पाठ पढ़ाने के लिए पुलिसकर्मी मुख्यालय के निर्देश पर आम लोगों से जुड़ रहे हैं। जबकि भागलपुर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक हफ्ते में गोलीबारी की यह पांच वारदातें सामने आईं हैं।
घायल आजाद ने बताया कि वह पिछले पांच साल से जमीन की खरीद-बिक्री का काम करता है। हाल ही में प्रभु नारायण नाम के व्यक्ति के साथ उसने जमीन का सौदा किया था। इसमें पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी।
आजाद ने बताया कि प्रभु नारायण ने उसे धमकी भरे शब्द में पैसे देने से इनकार कर दिया था। आजाद ने आशंका जताई है कि नारायण ने ही शूटर भेजकर यह गोलीबारी करवाई है। हालांकि हमलावर की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस अब इस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।