किराना दुकान में लगी आग से लाखों का नुकसान
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत प्यालापुर गांव में एक किराना दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया। बताया गया कि झामु पोद्दार की दुकान में अचानक आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
तेजी से फैली लपटें, भारी नुकसान
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान के बाद झामु पोद्दार के गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने पूरे प्रतिष्ठान को घेर लिया, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
फायर ब्रिगेड की देरी बनी परेशानी
घटना के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम समय रहते मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस देरी का खामियाजा दुकानदार को भुगतना पड़ा और लाखों रुपये की संपत्ति राख में तब्दील हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि दमकल की टीम समय पर पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था।
पढ़ें- कांग्रेस की बैठक हंगामे में बदली: राजेश राम ने शकील अहमद को बताया थका हुआ नेता, नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी
विधायक और ग्रामीणों ने किया आग बुझाने का प्रयास
आगजनी के बीच एक मानवीय पहल भी देखने को मिली। घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए। ग्रामीणों ने भी भरपूर प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण शुरुआती कोशिशें सफल नहीं हो सकीं।
काफी विलंब से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काफी हद तक काबू पाया जा चुका था। इस दौरान विधायक मुरारी पासवान ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।