मामले की जानकारी देते हुए पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर जिले में बहादुरपुर निवासी भरतलाल सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह (20) की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ रही थी, जिसका पुलिस ने खुलासा कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, पूरे मामले की जानकारी विधि व्यवस्था डीएसपी डॉ गौरव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। डीएसपी ने बताया कि पूरा मामला प्रेम-प्रसंग का था, जिसमें मृतक युवक का पास के ही मामले में अभियुक्त मनोज सिंह की पुत्री गुड़िया से तीन चार साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसका विरोध गुड़िया के परिवार वाले कर रहे थे। डीएसपी ने बताया कि घटनाक्रम को अंजाम देने के लिए मृतक की प्रेमिका गुड़िया द्वारा उसे टेलीफोन कर अपने घर बुलाया गया, जिसके बाद उसके पिता ने मृतक अभिषेक के हाथ पैर बांधकर पास के बैहार में ले जाकर गंडासे से निर्मम तरीके से उसकी हत्या कर डाली।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक नदी किनारे फेंक दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त किए गए हथियार भी बरामद किया है। डीएसपी ने बताया, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी आनंद कुमार के निर्देश पर डीएसपी गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और आरोपी मनोज सिंह और प्रेमिका गुड़िया को जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वादे हसनपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जबकि पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।