सार
भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर में मोहम्मद इरफान की मौत हो गई, जबकि उनका ममेरा भाई घायल हुआ। परिजनों ने पोस्टमार्टम में 12 घंटे की देरी का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जल्द कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की।
हबीबपुर थाना क्षेत्र के करौड़ी बाजार स्थित नवाब कॉलोनी के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई घायल हो गया। मृतक की पहचान कबीरपुर जैन मंदिर के पास निवासी मोहम्मद अलाउद्दीन के पुत्र मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, इरफान अपने ममेरे भाई के साथ ससुराल में दावत खाने जा रहे थे। इसी दौरान करौड़ी बाजार कब्रिस्तान के पास सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इरफान सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और एक हाथ भी टूट गया। वहीं उनके ममेरे भाई को मामूली चोटें आईं।
सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद इरफान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घायल ममेरे भाई को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं दूसरी बाइक का चालक सदर अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर हबीबपुर थाना ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि इरफान की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उनका दो माह का एक बेटा है। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पढ़ें: बिहार में कानून व्यवस्था तार-तार, डबल मर्डर के गवाह की सरेआम गोली मारकर हत्या; छपरा में भारी बवाल
मृतक के मामा मोहम्मद इस्लामउद्दीन ने बताया कि इरफान को ससुराल में दावत के लिए बुलाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के लगभग 12 घंटे बाद भी पोस्टमार्टम नहीं कराया गया, जिससे परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र पोस्टमार्टम कराकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और शव परिजनों को सौंपने की मांग की, ताकि समय पर अंतिम संस्कार किया जा सके। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर हबीबपुर थाना प्रभारी भी अस्पताल पहुंचे थे।