बेगूसराय के बखरी में कोचिंग पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आया है। छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक सौरभ कुमार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। छात्रा को मेडिकल जांच के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया है।
छात्रा की मां ने बखरी थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसकी बेटी करीब एक वर्ष से आरोपी शिक्षक के संपर्क में थी। शिकायत के अनुसार, मोबाइल पर बातचीत के बाद आरोपी ने छात्रा को बखरी अनुमंडल गेट के पास पीपल के पेड़ के समीप मिलने के लिए बुलाया। वहां उसके साथ दो बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है।
बेटी के व्यवहार में बदलाव से हुआ शक
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद छात्रा परेशान रहने लगी और उसके व्यवहार में बदलाव नजर आया। इस पर मां ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद कथित घटना की जानकारी परिवार को हुई। इसके बाद परिजनों ने आरोपी शिक्षक और कोचिंग संचालक से संपर्क करने की कोशिश की।
पढ़ें: गंगा में उतरे थे करमा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने, 11 लोग डूबे; चार को बचाया, छह लापता और एक की मौत
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान परिजनों को धमकी भी दी गई। छात्रा की मां का आरोप है कि आरोपी शिक्षक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बखरी नगर इकाई का नगर मंत्री है। मां ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को देने पर उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद छात्रा की मां ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
पॉक्सो एक्ट के तहत केस, आरोपी की तलाश
पुलिस के अनुसार, नाबालिग से जुड़े मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छात्रा को महिला पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में मेडिकल जांच के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी सूचना दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा जिला प्रवक्ता ने निष्पक्ष जांच की मांग की
मामले को लेकर भाजपा जिला प्रवक्ता सिधेश आर्य ने घटना को शर्मनाक बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।