बीती छह जुलाई को एक महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म हुआ। जिसकी रिपोर्ट रेप सर्वाइवर ने अररिया महिला थाना में सात जुलाई को की। महिला थाने में कांड संख्या 59/2020, भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (डी) के तहत दर्ज इस एफआईआर में जिक्र है कि मोटरसाइकिल सिखाने के बहाने उसको साहिल नाम के एक परिचित लड़के ने बुलाया। साहिल, रेप सर्वाइवर को एक सुनसान जगह ले गया, वहां पहले से मौजूद चार अज्ञात पुरूषों ने उनके साथ दुष्कर्म किया। एफआईआर के मुताबिक रेप सर्वाइवर ने साहिल से मदद मांगी, लेकिन साहिल वहां से भाग गया।
जन जागरण शक्ति संगठन द्वारा जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, रेप सर्वाइवर और जन जागरण शक्ति संगठन के कार्यकर्ता 10 जुलाई को तकरीबन एक बजे कोर्ट पहुंचे। वहां इन लोगों ने कॉरीडोर में इंतजार किया जहां बैठने और पंखे की कोई व्यवस्था नहीं थी। उस वक्त केस का एक अभियुक्त भी वहीं मौजूद था। तकरीबन चार घंटे के इंतजार के बाद रेप सर्वाइवर का बयान दर्ज हुआ।
रिलीज के मुताबिक, '164 के बयान के बाद जब उन्हें न्यायिक दंडाधिकारी ने बयान पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा, तो वो (रेप सर्वाइवर) उत्तेजित हो गईं। उन्होंने उत्तेजना में कहा कि मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा है, आप क्या पढ़ रहे हैं, मेरी कल्याणी दीदी को बुलाइए।' बाद में, केस की जांच अधिकारी को बुलाया गया, तब रेप सर्वावइवर ने बयान पर हस्ताक्षर किए। बाहर आकर रेप सर्वावइवर ने जेजे एसएस के दो सहयोगियों तन्मय निवेदिता और कल्याणी बडोला से तेज आवाज में पूछा कि 'तब आप लोग कहां थे, जब मुझे आपकी जरूरत थी।'