बिहार में एक बार फिर दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। त्योहारों के बाद अब आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू हो गई हैं। इसके बाद अब लोगों को रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले दूध के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
अमूल ने अपने अलग-अलग दूध उत्पादों की कीमतों में दो से छह रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। अमूल का फुल क्रीम भैंस का दूध अब 80 रुपये की जगह 86 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, अमूल गोल्ड की कीमत में चार रुपये और अमूल ताजा की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। दूसरी ओर, मदर डेयरी ने भी अपने विभिन्न वेरिएंट के दाम दो से चार रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं।
कंपनियों के अनुसार, पशुओं के चारे, खली, मक्का, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन खर्च में लगातार वृद्धि के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का असर भी दूध उत्पादन की लागत पर पड़ा है।