बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले पर कुछ दिनों पहले हुए हमले के मद्देनजर नीतीश कुमार को जेड प्लस श्रेणी सुरक्षा दी जाएगी। केंद्रीय गृहमंत्रालय ने नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। अब नीतीश की सुरक्षा में विशेष रूप से ट्रेंड एनएसजी कमांडो भी शामिल होंगे।
इससे पहले इसी हफ्ते सीएम
नीतीश कुमार के काफिले पर पथराव करने के आरोप में पुलिस ने 28 लोगों को गिरफ्तार किया था। जिसमें 18 पुरुष और 10 महिलाएं शामिल हैं। नीतीश समीक्षा यात्रा के लिए बक्सर पहुंचे थे जहां उनके काफिले पर लोगों ने पथराव किया था।
गौरतलब है कि नंदर गांव के लोग मुख्यमंत्री नीतीश को दलित बस्ती में बुलाने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों में विवाद हो गया जिसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई थी। इस घटना में कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। लोगों का आरोप था कि सात निश्चय कार्यक्रम में कोई भी कार्य धरातल पर नहीं हुए हैं। इसे लेकर ही लोग विरोध कर रहे थे।