अस्पताल में परिजनों से मृतक युवक की जानकारी जुटाते पुलिस कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सुपौल में रविवार की देर रात तेज रफ्तार एक बाइक सवार ने सड़क पर टहलने निकले एक छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्र घायल होकर वहीं गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लहरनियां बाजितपुर सड़क मार्ग पर लहरनियां चौक के पास हुई। मृतक छात्र की पहचान लहरनियां वार्ड नंबर 7 निवासी बीरेंद्र सरदार के बेटे राजीव कुमार (18) के रूप में हुई है।
मृतक के परिजनों का कहना है कि देर रात राजीव कुमार ने पढ़ाई-लिखाई कर खाना खाया। उसके बाद वह घर से बाहर रास्ते पर टहलने निकला था। इसी दरम्यान बाजितपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे राजीव वहीं जख्मी होकर सड़क पर गिर गया। उसके बाद उसे जख्मी अवस्था में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक भी जख्मी हुए, जिनका कहीं और इलाज हो रहा है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि बाइक सवार चालक और उसके साथ बैठे अन्य युवक ने शराब पी रखी थी।
मामले को लेकर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार मंडल ने बताया कि जख्मी आरटीए पेसेंट को ब्रॉड डेड अवस्था में ही परिजन द्वारा यहां लाया गया था। सूचना स्थानीय त्रिवेणीगंज पुलिस को दी गई है। उसके बाद स्थानीय पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।