चीन की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी Xiaomi (शाओमी), दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन निर्माता, ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार SU7 की तेज बिक्री के साथ नए इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार में अपनी शुरुआती छाप छोड़ी है। कंपनी ने एलान किया है कि उसने वर्ष की दूसरी तिमाही में SU7 की 27,000 से ज्यादा यूनिट्स डिलीवर करने में कामयाबी हासिल की है। इससे तकनीकी दिग्गज को इन तीन महीनों के दौरान रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने में मदद मिली है। जिसमें ईवी व्यवसाय ने राजस्व में लगभग 898 मिलियन डॉलर (लगभग 7,537 करोड़ रुपये) का योगदान दिया। और पहले के अनुमानों को पछाड़ने में मदद की।
अनुमान से ज्यादा बिक्री
अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार की शुरुआती सफलता से उत्साहित होकर, शाओमी ने अब वर्ष के लिए अनुमानों में संशोधन किया है। ईवी निर्माता ने पहले इस साल लगभग एक लाख SU7 इलेक्ट्रिक कारें बेचने का अनुमान लगाया था। हालांकि, अप्रैल और जून के बीच 27,307 यूनिट्स बेचने के बाद, इसका लक्ष्य नवंबर तक समय से पहले अनुमानित लक्ष्य हासिल करना है। वास्तव में, शाओमी अब वर्ष के आखिर तक लगभग 1.20 लाख इलेक्ट्रिक कारें बेचने की उम्मीद करता है।
फिलहाल सिर्फ चीन में बिक्री
शाओमी ने इस साल मार्च में SU7 इलेक्ट्रिक कार लॉन्च की, जो इस समय सिर्फ चीन में बेची जाती है। इसका उद्देश्य दुनिया के दो सबसे बड़े इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं टेस्ला और BYD को टक्कर देना है। शाओमी वर्तमान में दो वेरिएंट्स में यह इलेक्ट्रिक कार बेचता है, जिसमें SU7 और SU7 Max शामिल हैं। कंपनी अगले कुछ महीनों में टॉप-एंड SU7 अल्ट्रा भी पेश करेगी। कंपनी ने नतीजों का एलान करते हुए कहा, "उपयोगकर्ता मांग को पूरा करने के लिए, हमारे Xiaomi EV कारखाने ने लगातार उत्पादन बढ़ाया है, जून 2024 में काम डबल-शिफ्ट में शुरू किया और जुलाई 2024 में उत्पादन लाइन अनुकूलन और रखरखाव शुरू किया।"
Xiaomi SU7 Electric Car
- फोटो : Xiaomi
कंपनी की रणनीति
शाओमी का ईवी व्यवसाय अभी भी लाल निशान में है। हालांकि, कंपनी का दावा है कि उसके पास चीनी ईवी प्राइस वार (मूल्य युद्धों) से निपटने के लिए पांच साल के लिए पर्याप्त पैसा है। शाओमी के अध्यक्ष लू वेइबिंग ने कहा, "स्केल महत्वपूर्ण है। जैसे-जैसे हम पैमाने में बढ़ेंगे, लागत बेहतर तरीके से वितरित की जाएगी। अगस्त तक ऑर्डर के मामले में हम अच्छी स्थिति में हैं। इसका मतलब है कि हम पैमाने हासिल करेंगे और लागत कम होती रहेगी।"
लू ने यह भी कहा कि कंपनी का लक्ष्य जल्द ही वैश्विक बाजारों में SU7 इलेक्ट्रिक वाहन बेचना है। उनकी टिप्पणी से अटकलें सच हुईं कि शाओमी यूरोपीय संघ के चीन में बने ईवी के आयात पर भारी शुल्क लगाने के कदम के बावजूद यूरोपीय बाजार में एंट्री करने की इच्छुक है। कंपनी अब वैश्विक दिग्गजों के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए अपनी ईवी लाइनअप में ज्यादा मॉडल विकसित कर रही है। और 2025 तक Tesla Model Y (टेस्ला मॉडल वाई) के जैसा एक स्पोर्ट यूटिलिटी वाहन बेचने की योजना बना रही है।
Xiaomi SU7 Electric Car
- फोटो : Xiaomi
Xiaomi SU7: खास बातें
Xiaomi SU7, जिसे Speed Ultra के नाम से भी जाना जाता है, चीनी टेक्नोलॉजी दिग्गज की पहली कार के रूप में आया था। इसे जुलाई में पहली बार भारत में प्रदर्शित किया गया था। इसे पहले कुछ महीनों में 70,000 से ज्यादा बुकिंग मिली हैं। 30,000 डॉलर (लगभग 25 लाख रुपये) की कीमत के साथ, Xiaomi SU7 चीन में टेस्ला मॉडल 3 की तुलना में लगभग 4,000 डॉलर सस्ता है।
स्पीड, रेंज और मुकाबला
टेस्ला मॉडल 3 के अलावा, Xiaomi SU7 का मुकाबला BYD Seal EV (बीवाईडी सील ईवी) जैसी कारों से भी होता है। SU7 का स्टैंडर्ड वर्जन एक बार फुल चार्ज करने पर 668 किलोमीटर तक की रेंज के साथ आता है। जबकि मिड-स्पेक वेरिएंट एक प्रभावशाली 800-किलोमीटर रेंज का वादा करता है। Xiaomi SU7 का दावा है कि यह एक स्पोर्ट्स कार की तरह परफॉर्मेंस देने में सक्षम है, जिसकी टॉप स्पीड 265 किमी प्रति घंटा तक है। यह कार तीन सेकंड से कम समय में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने का दावा करती है।