दुबई पुलिस डिपार्टमेंट के पास शायद दुनिया में सुपरकारों का सबसे प्रभावशाली कलेक्शन हो सकता है। लेकिन तुर्की पुलिस फोर्स में शामिल की गई इन नई कारों के बारे में जानकार आप चौंक जाएंगे। डिपार्टमेंट ने हाल ही में और आधिकारिक रूप से परफॉर्मेंस कारों का एक शानदार कलेक्शन शामिल किया। जिन्हें एक ड्रग रैकेट को पर्दाफाश करने के बाद जब्त किया गया था।
तुर्की के गृह मंत्री, अली येरलिकया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "एक्स" पर, जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था, बेहद महंगी और शानदार प्रदर्शन वाली गाड़ियों का एक वीडियो साझा किया। वीडियो में मॉडलों का एक शानदार कलेक्शन नजर आता है। जिसमें बेहद आलीशान बेंटले कॉन्टिनेंटल जीटी और पूरी तरह से इलेक्ट्रिक पोर्शे टैयकैन से लेकर फेरारी 458 और गोल्फ जीआर तक शामिल हैं। कलेक्शन में रेंज रोवर स्पोर्ट और मर्सिडीज-बेंज जीएलएस जैसी एसयूवी भी हैं।
कुल मिलाकर, लगभग 23 वाहनों को जब्त किया गया था और इनमें से ज्यादातर को अब पुलिस गाड़ियों में बदल दिया गया है। डेली टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी वाहनों को कोमानचेरो मोटरसाइकिल गिरोह के सरगना हाकान आयिक नाम के एक कथित ड्रग तस्कर के खिलाफ किए गए एक ऑपरेशन के दौरान जब्त किया गया था। अनुमानित रूप से 1 अरब डॉलर मूल्य के मालिक आयिक को नवंबर में देश की राजधानी इस्तांबुल में उसके 36 साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया था।
यह एक शानदार ऑपरेशन था जो कई मायनों में सफल रहा। न सिर्फ आयिक को पकड़ लिया गया, बल्कि इन बेहद महंगी कारों के कलेक्शन को आखिरकार गश्त के मकसद के लिए पुलिस फोर्स के तहत लाया गया। येरलिकया ने एक्स पर लिखा, "संगठित अपराध संगठनों के खिलाफ हमारे इस्तांबुल पुलिस विभाग द्वारा किए गए सफल ऑपरेशन में, 23 वाहनों को जब्त कर लिया गया। अदालत के फैसले के बाद, ये वाहन हमारे पुलिस बल को सौंप दिए गए।"