देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स की ओर से जल्द ही अपनी दमदार एसयूवी का फेसलिफ्ट वर्जन लाया जा सकता है। कंपनी की ओर से इसकी तैयारियां भी की जा रही हैं। हाल में ही एसयूवी के टेस्टिंग वर्जन को सड़कों पर देखा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी क्या कीमत हो सकती है और इसे कब तक लॉन्च किया जा सकता है। हम इसकी जानकारी आपको इस खबर में दे रहे हैं।
आएगा फेसलिफ्ट वर्जन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टाटा की ओर से कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में आने वाली नेक्सन का फेसलिफ्ट वर्जन लाया जा सकता है। कंपनी की ओर से लॉन्च से पहले इसकी टेस्टिंग की जा रही है। हाल में ही इस टेस्टिंग वर्जन को भारतीय सड़कों पर देखा गया है।
कैसा होगा लुक
रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस एसयूवी को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, वह टाटा की नेक्सन है। इसमें कंपनी कनेक्टिड टेललाइट्स दे सकती है। वहीं नए मॉडल में वाई शेप की जगह एक्स शेप के डिजाइन के एलीमेंट्स लाइट्स में देखने को मिल सकते हैं। वहीं कार में ज्यादा बदलाव होने की संभावना कम ही है।
इंटीरियर में भी होगा बदलाव
एसयूवी के इंटीरियर को भी हल्का अपडेट मिलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक नई नेक्सन में कंपनी की ओर से बड़ा और अपडेटिड इंफोटेनमेंट सिस्टम देगी। इसमें 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है। इसके अलावा सात इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, अपहोलस्ट्री अपडेट, छह एयरबैग्स जैसे फीचर्स को दिया जा सकता है।
कितना दमदार इंजन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी नई नेक्सन में 1.2 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन देगी। जिससे एसयूवी को 125 पीएस की पावर के साथ 225 न्यूटन मीटर का टॉर्क भी मिलेगा। इस इंजन के साथ ड्यूल क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन को भी ऑफर किया जाएगा। कंपनी की ओर से मौजूदा एसयूवी में 1.2 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया जाता है जिससे 120 पीएस और 170 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। वहीं डीजल का 1.5 लीटर इंजन भी विकल्प के तौर पर मिलता है जिससे एसयूवी को 115 पीएस और 260 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है।
कितनी होगी सुरक्षित
एसयूवी में सुरक्षा की बात की जाए तो इसमें छह एयरबैग्स, एबीएस, ईबीडी, एचएसी जैसे सेफ्टी फीचर्स के साथ ही ADAS को भी दिया जा सकता है। अगर कंपनी इसमें ADAS जैसा सेफ्टी फीचर ऑफर करेगी तो यह चार मीटर से छोटी एसयूवी में पहली एसयूवी होगी जिसमें इस फीचर को दिया जाएगा। हालांकि इससे कार की कीमत बढ़ जाएगी, ऐसे में इसे सभी वैरिएंट में नहीं ऑफर किया जाएगा।
क्या होगी कीमत
अभी कंपनी की ओर से नई नेक्सन के बारे में कोई भी जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में इसकी सही कीमत के बारे में जानकारी नहीं दी जा सकती, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये के आस-पास से शुरू हो सकती है। वहीं इसे इस साल के आखिर या 2024 की शुरूआत में लॉन्च किया जा सकता है।