देश की प्रमुख वाहन निर्माता टाटा मोटर्स और राइड शेयरिंग एप ऊबर के बीच एक एमओयू साइन किया गया है। जिसके तहत टाटा की ओर से ऊबर को 2500 एक्सप्रेस टी इलेक्ट्रिक कारों की डिलीवरी की जाएगी।
इन शहरों को होगा फायदा
दोनों कंपनियों के बीच इलेक्ट्रिक कारों को लेकर हुए बड़े सौदे का फायदा देश के कई शहरों को मिलेगा। इस सौदे का मकसद देश के प्रमुख शहरों में शामिल दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरू, हैदराबाद में इलेक्ट्रिक कारों को बढ़ावा देना है। जिससे इन शहरों में प्रदूषण को कम किया जा सकेगा।
टाटा मोटर्स ने कही यह बात
टाटा मोटर्स और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के एमडी शैलेष चंद्रा ने कहा कि देश में सस्टेनेबल मोबिलिटी को विकसित करने की हमारी प्रतिबद्धता के मुताबिक, हम भारत के प्रमुख राइडशेयरिंग प्लेटफॉर्म ऊबर के साथ साझेदारी करके खुश हैं। ऊबर की प्रीमियम कैटेगरी सर्विस के जरिए ग्राहकों को हमारे पर्यावरण के अनुकूल ईवी राइड देने से ग्रीन और क्लीन पर्सनल राइड शेयरिंग को अपनाने में तेजी आएगी। एक्सप्रेस टी ईवी ग्राहकों और ऑपरेटरों दोनों के लिए एक बहुत ही आकर्षक विकल्प है। जबकि बेहतर सुरक्षा, साइलेंट और प्रीमियम इन केबिन अनुभव ग्राहकों को आरामदायक सवारी ऑफर करता है। फास्ट चार्जिंग समाधान, ड्राइविंग में आराम और ईवी की लागत इसे एक आकर्षक कमर्शियल ऑफर बनाती है। यह साझेदारी फ्लीट सेगमेंट में हमारी बाजार स्थिति को और मजबूत करेगी।
ऊबर ने कही यह बात
ऊबर इंडिया और साउथ एशिया के अध्यक्ष प्रभजीत सिंह ने कहा कि भारत में सस्टेनेबल और शेयर्ड मोबिलिटी लाने के लिए प्रतिबद्ध है और टाटा मोटर्स के साथ यह साझेदारी एक प्रमुख मील का पत्थर है। यह भारत में वाहन निर्माता और राइडशेयरिंग प्लेटफॉर्म के बीच अभी तक की सबसे बड़ी ईवी साझेदारी है। हम बदलाव की अगुआई कर रहे हैं और इससे हमें जीरो एमिशन को सुनिश्चित करने में मदद भी मिलेगी।
क्या हैं खूबियां
जुलाई 2021 में टाटा मोटर्स ने फ्लीट कस्टमर्स के लिए एक्सप्रेस ब्रांड लॉन्च किया था और एक्सप्रेस टी ईवी इस ब्रांड का पहला वाहन है। नई एक्सप्रेस टी इलेक्ट्रिक सेडान दो रेंज के विकल्प के साथ आती है, जिनमें 315किमी और 277किमी के विकल्प शामिल हैं। इसमें 26 kWh और 25.5 kWh की बैटरी पैक का विकल्प मिलता है जिसे 59 मिनट और 110 मिनट में जीरो से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। इस कार में सिंगल स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, ड्यूल एयरबैग्स और ABS के साथ EBD को सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड फीचर्स के तौर पर ऑफर किया जाता है।
कितनी है कीमत
एक्सप्रेस टी ईवी की कीमत की बात करें तो दिल्ली में इसकी एक्स शोरुम कीमत 13.04 लाख रुपये से शुरू हो जाती है। इस कार पर करीब 2.6 लाख रुपये की सब्सिडी भी मिलती है।