टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक एसयूवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह इलेक्ट्रिक एसयूवी कीचड़ में फंसी Mahindra Thar Roxx को खींचकर बाहर निकालती नजर आ रही है। इस नजारे ने Thar की ऑफ-रोड बादशाही को भी सवालों में डाल दिया है।
Tata Motors ने हाल ही में अपनी पहली ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) इलेक्ट्रिक SUV Harrier.ev को भारतीय बाजार में लॉन्च किया है। यह SUV न केवल QWD (Quad Motor Drive) तकनीक के साथ आती है, बल्कि भारत में बनी पहली ऑल-व्हील ड्राइव इलेक्ट्रिक एसयूवी भी है। लॉन्च के साथ ही कंपनी ने इसकी दमदार ऑफ-रोड क्षमता दिखाने के लिए केरल के ‘एलिफेंट रॉक’ पर इसकी चढ़ाई का वीडियो भी जारी किया था। अब इस एसयूवी का एक नया वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह महिंद्रा थार रॉक्स जैसी हार्डकोर एसयूवी को कीचड़ से बाहर निकालती नजर आ रही है।
विज्ञापन
कीचड़ में फंसी कार के लिए मसीहा बनी हैरियर
Mahindra Thar Roxx अपनी जबरदस्त ऑफ-रोड क्षमता के लिए जानी जाती है। वीडियो में देखा जा सकता है कि थार एक गहरे कीचड़ में फंस गई है। SUV बंपर तक कीचड़ में धंसी हुई है। इस कार के खुद से बाहर निकलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही थी। तभी टाटा हैरियर ईवी आती है और रस्सी के सहारे थार रॉक्स को खींचकर कीचड़ से बाहर निकाल देती है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है और लोगों को हैरियर इलेक्ट्रिक की रियल-वर्ल्ड ताकत देखने का मौका दे रहा है।
देखें वीडियो...
Thar Roxx है बेहद खास
Mahindra Thar Roxx को ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के बीच खासा पसंद किया जाता है। यह एसयूवी पेट्रोल और डीजल, दोनों इंजन ऑप्शन में आती है। इसमें 2.0-लीटर TGDi पेट्रोल इंजन (2WD), और 2.2-लीटर डीजल इंजन (RWD और 4x4 ऑप्शन) मिलते हैं। साथ ही, इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प भी मौजूद है।
कम नहीं है हैरियर ईवी
दूसरी ओर टाटा हैरियर ईवी की बात करें, तो यह दो बैटरी पैक ऑप्शन- 65 kWh और 75 kWh में आती है। इसके डुअल-मोटर सेटअप में फ्रंट मोटर 155.8 bhp और रियर मोटर 234.7 bhp का पावर देता है। SUV को खास ऑफ-रोड एक्सपीरियंस के लिए छह ड्राइविंग मोड्स से लैस किया गया है। इन मोड्स के जरिए वाहन पावर डिस्ट्रीब्यूशन और सस्पेंशन सेटिंग्स को अलग-अलग परिस्थितियों के अनुसार एडजस्ट करता है, जिससे हर तरह के टेरेन पर बेहतरीन प्रदर्शन मिल सके।
जहां एक ओर Mahindra Thar Roxx का ऑफ-रोड रुतबा पहले से ही कायम है, वहीं Tata Harrier.ev ने इस वीडियो के जरिए अपनी काबिलियत साबित कर दी है। यह घटना भारतीय EV सेगमेंट में एक नया आत्मविश्वास भरती है और दिखाती है कि इलेक्ट्रिक व्हीकल्स फ्यूल से चलने वाले वाहनों से कम नहीं हैं।