Vaishali Chaudhary Khutail Reel on Ghaziabad Elevated Road
- फोटो : For Reference Only
सोशल मीडिया पर रील बना कर डालने का शौक काफी महंगा पड़ सकता है। गाजियाबाद पुलिस ने एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर 17,000 रुपये का जुर्माना ठोंका है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक रील काफी वायरल हुआ था जिसमें हाईवे पर एक कार को खतरनाक तरीके से खड़ा दिखाया गया था। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वैशाली चौधरी खुटेल को सड़क पर खड़ी अपनी कार के बगल में पोज देते हुए देखा गया, जबकि कई अन्य वाहन वहां से गुजर रहे थे। वीडियो के वायरल होने और सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा आलोचना किए जाने के बाद गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इसका संज्ञान लिया।
पुलिस ने रविवार को कहा कि उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने की घटना के आधार पर चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की, जो कथित तौर पर साहिबाबाद में हुई थी। इस कार्रवाई की जानकारी गाजियाबाद के पुलिस आयुक्तालय ने ट्विटर पर दी। गाजियाबाद पुलिस ने ट्विटर पर कहा, ''थाना साहिबाबाद क्षेत्र के अंतर्गत एलिवेटेड रोड पर रील बनाते हुए एक लड़की द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में थाना साहिबाबाद में अभियोग दर्ज किया गया है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार का ट्रैफिक पुलिस द्वारा 17,000 रुपये का चालान कर दिया गया है - एसीपी साहिबाबाद।"
सोशल मीडिया पर गाजियाबाद पुलिस की पोस्ट से पता चलता है कि मोटर व्हीकल एक्ट 1988 के तहत सार्वजनिक जगह पर अवज्ञा, रेसिंग और स्पीड टेस्ट और वायु प्रदूषण मानकों के उल्लंघन का चालान काटा गया है।
इस बीच, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने सोमवार को सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स को बताया कि वह इंस्टाग्राम लाइव सेशल के जरिए घटना के संबंध में स्पष्टीकरण पोस्ट करेंगी। उन्होंने लिखा कि इस घटना को लेकर कई लोग उन्हें मैसेज कर रहे हैं और वह लाइव के दौरान सब कुछ साफ कर देंगी।
यह पहली बार नहीं है जब ऐसी घटना हुई है और पुलिस ने इसके खिलाफ कार्रवाई की है। दिसंबर 2022 में, एक अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर दिल्ली की सड़कों पर अपनी कारों में स्टंट करने के लिए जुर्माना लगाया गया था। दिल्ली पुलिस ने गलत कामों के लिए इन्फ्लुएंसर की एक बीएमडब्ल्यू और एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट जब्त कर ली थी।