इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग लगने की घटनाओं के मद्देनजर ईवी से जुड़े सुरक्षा के सवालों का अभी जवाब भी नहीं मिला है। लेकिन इस बीच इलेक्ट्रिक स्कूटरों में खराबी की भी कई रिपोर्ट सामने आई हैं। महाराष्ट्र के बीड जिले के रहने वाले एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि डिलीवरी के कुछ दिनों बाद ही उसके ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर ने काम करना बंद कर दिया। ओला ई-स्कूटर ने लॉन्चिंग से पहले बहुत ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। लेकिन उपभोक्ता इसके दावों के मुताबिक परफॉर्मेंस नहीं मिलने से निराश नजर आ रहे हैं।
अनोखा प्रदर्शन
महाराष्ट्र के परली के सचिन गिट्टे ने ओला इलेक्ट्रिक के साथ अपनी निराशा जाहिर करने के लिए विरोध प्रदर्शन का अनोखा तरीक अपनाया। उन्होंने अपने ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर को एक गधे से बांध दिया। जिसके बाद गिट्टे ने अपने ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर को पूरे शहर में घुमाया और लोगों से निर्माता पर भरोसा न करने के लिए कहा। ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर के यूजर गिट्टे का आरोप है कि डिलीवरी लेने के छह दिन बाद ही स्कूटर ने काम करना बंद कर दिया।
Ola Electric Scooter
- फोटो : Ola Electric
क्या है पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सचिन गिट्टे महाराष्ट्र के एक कारोबारी हैं और उन्होंने 24 मार्च को अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिलीवरी ली थी। हालांकि, छह दिन बाद ही स्कूटर ने काम करना बंद कर दिया, जिसके बाद उन्होंने ओला इलेक्ट्रिक से संपर्क किया। निर्माता ने शिकायत मिलने पर अपने सर्विस एग्जीक्यूटिव को जांच के लिए भेजा, लेकिन इससे कोई फायदा नहीं हुआ। क्योंकि स्कूटर उसके बाद भी काम करने में असफल रहा।
Ola Scooter Tied to Donkey
- फोटो : Instagram/letsupp.marathi
इसलिए किया प्रदर्शन का फैसला
रिपोर्ट में कहा गया है कि, गिट्टे ने अपनी परेशानी दर्ज कराने के लिए ओला इलेक्ट्रिक के कस्टमर केयर को बार-बार कॉल किया। लेकिन इसके बावजूद उन्हें निराशा ही हाथ लगी और कस्टमर केयर से टाल-मटोल का जवाब मिल रहा है। इसने स्कूटर मालिक के लिए बहुत सारी चिंताएं पैदा कर दीं। क्योंकि जिला या संभाग स्तर पर भी ओला का कोई भौतिक डीलर नेटवर्क या शोरूम नहीं है, जहां वह अपनी समस्याओं को ठीक करने के लिए जा सके।
ओला सीईओ भाविश अग्रवाल
- फोटो : For Reference Only
प्रदर्शन से कितना फायदा
कस्टमर केयर से संपर्क करने की बार-बार कोशिश करने के बाद भी कोई संतोषजनक नतीजे नहीं मिलने पर, ई-स्कूटर मालिक ने एक विरोध प्रदर्शन करने और अपनी दुर्दशा पर ध्यान खींचने का फैसला किया। गधे और बैनर ने निश्चित रूप से इस मामले में बहुत ध्यान आकर्षित करने में मदद की है।
Donkey Pulls MG Hector SUV
- फोटो : Arun Panwar/ Youtube
पहले भी हुए हैं ऐसे प्रदर्शन
यह पहली बार नहीं है जब वाहन निर्माताओं के खिलाफ विरोध जताने के लिए गधों का इस्तेमाल किया गया हो। इससे पहले भी ऐसी ही घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां गधों को एक MG Hector और एक Ford Endeavour एसयूवी से बांधा गया था। किआ सेल्टोस के मालिक और टोयोटा अर्बन क्रूजर के मालिक द्वारा गधे के पोस्टरों वाले बैनर का इस्तेमाल किया गया था, वहां किसी असली जानवर का इस्तेमाल नहीं किया गया था।
Ola Electric Scooter
- फोटो : For Reference Only
कंज्यूमर फोरम में भी शिकायत
रिपोर्ट के मुताबिक, सचिन गिट्टे ने कथित तौर पर कंज्यूमर फोरम में भी शिकायत की है कि निर्माता ने स्कूटर की मरम्मत या रिप्लेसमेंट नहीं किया है। उन्होंने ओला इलेक्ट्रिक की जांच का भी आग्रह किया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कंपनी से उपभोक्ताओं के लिए कोई वित्तीय सुरक्षा नहीं है।
ओला इलेक्ट्रिक S1 Pro स्कूटर में लगी आग
- फोटो : सोशल मीडिया
ओला इलेक्ट्रिक में पहले भी आई समस्याएं
ओला इलेक्ट्रिक ने पुणे में आग लगने के बाद उसकी डिटेल जांच और रिपोर्ट के आदेश दिए हैं। लेकिन इससे पहले 24 अप्रैल को 1,441 इलेक्ट्रिक स्कूटरों को वापस मंगाने का एलान किया है। यह भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि ओला के इलेक्ट्रिक स्कूटर के कई अन्य मालिकों ने भी कई तरह की समस्याओं की शिकायत की है। इन शिकायतों के मुताबिक, आम तौर पर स्कूटर बिना कमांड दिए रिवर्स ड्राइविंग और बैटरी डिस्चार्जिंग तरीके से बहुत तेजी से चलने लगे हैं।