आंध्र प्रदेश में सड़क निर्माण के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड स्थापित हुआ है। बुधवार को मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बेंगलुरु-कडप्पा-विजयवाड़ा इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-544G) के निर्माण के दौरान दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के तहत महज 24 घंटे में 28.95 लेन-किलोमीटर सड़क निर्माण और 10,675 मीट्रिक टन बिटुमिनस कंक्रीट बिछाने का रिकॉर्ड बनाया गया। ये उपलब्धि प्राइवेट कंपनी राजपथ इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से हासिल की गई।
ये भी पढ़े:CES 2026: एनवीडिया से डील के बाद ऑटो कंपनी के शेयरो में रिकॉर्ड उछाल, AI और रोबोटिक्स से बदलेगा सेक्टर
नायडू ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय केंद्र सरकार के विजन और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि ये रिकॉर्ड NHAI के सख्त गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए हासिल किया गया है, जिसमें इंजीनियरों, मजदूरों और ग्राउंड स्टाफ की असाधारण मेहनत और समर्पण शामिल है।
दो और गिरीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि आंध्र प्रदेश में इस इकोनॉमिक कॉरिडोर के पैकेज-2 और पैकेज-3 पर काम कर रही टीमें 11 जनवरी तक दो और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सभी टीमों को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।