दिल्ली और गुरुग्राम के बीच संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने द्वारका एक्सप्रेसवे परियोजना के हिस्से के रूप में एक लिंक रोड के निर्माण को पूरा कर लिया है।
इस उपलब्धि से उम्मीद है कि दोनों शहरों के बीच यात्रा आसान हो जाएगी, और यातायात की भीड़ और सिग्नलों से बचा जा सकेगा। जबकि आठ लेन का हाईवे मुख्य रूप से निवासियों और यात्रियों को लाभ पहुंचाने वाला है। यह एडिशनल लिंक रोड आवाजाही के ओवरऑल एक्सपीरियंस को और बेहतर करेगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उद्घाटन की प्रारंभिक तैयारियां एक्सप्रेसवे के दो सेक्शन पर केंद्रित हैं। पहला पैकेज 2 है जो दिल्ली के द्वारका सेक्टर 21 को गुरुग्राम बॉर्डर से जोड़ता है और दूसरा पैकेज 3 जो दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर से बसई रेलवे ओवरब्रिज तक जाता है।
इस बीच, पैकेज 2 और पैकेज 3 को जोड़ना हाईवे के सुचारू रूप से चलने के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे गुरुग्राम के लोगों के लिए एक विशेष सड़क के जरिए द्वारका सेक्टर 21 तक पहुंचना आसान हो जाता है। दूसरी ओर, खबरें हैं कि द्वारका एक्सप्रेसवे जल्द ही सभी के लिए खुल जाएगा और इस बात की संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं।
हालांकि कोई दिन तय नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि लोकसभा चुनाव के एलान से पहले हाईवे खुल सकता है। गुरुग्राम के सांसद, राव इंद्रजीत सिंह ने संकेत दिए हैं कि भव्य उद्घाटन मार्च के पहले सप्ताह में हो सकता है।
29 किलोमीटर में फैला द्वारका एक्सप्रेसवे हरियाणा और दिल्ली को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है। जबकि 18.9 किलोमीटर लंबा खंड हरियाणा के अंतर्गत आता है। बाकी 10.1 किलोमीटर दिल्ली में है। यह एक्सप्रेसवे नेशनल हाईवे 8 पर शिव-मूर्ति से शुरू होता है और खेरकी दौला टोल प्लाजा के पास खत्म होता है। खबरों के मुताबिक, उद्घाटन के बाद, यात्री दिल्ली-गुरुग्राम के बीच सिर्फ 25-30 मिनट में यात्रा कर सकेंगे, जो फिलहाल 1 घंटे से ज्यादा का समय लेता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने पहले कहा था, "हमने एनएचएआई को लिखा था, जिसमें उन्हें हरियाणा खंड (एक्सप्रेसवे का) खोलने का अनुरोध किया गया था क्योंकि इससे यात्रियों को काफी मदद मिलेगी। हालांकि हमें लिखित रूप में कोई जवाब नहीं मिला, हमें परियोजना की प्रगति के बारे में सूचित किया गया था। स्ट्रीट लाइट, टाइल और थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग जैसे छोटे काम अभी बाकी हैं। इसमें 15 दिन से ज्यादा का समय नहीं लगेगा, और उद्घाटन की तारीख फरवरी के आखिर या मार्च के पहले दो सप्ताह के भीतर है।"
लगभग 9,000 करोड़ रुपये के मूल्य के साथ, परियोजना जल्द ही पूरी हो जाएगी। और अंतिम दो खंडों के फरवरी के आखिर तक पूरा होने की उम्मीद है। जबकि शुरुआती दो खंड जून के आखिर तक पूरे हो जाएंगे। इस परियोजना में सुरंग, अंडरपास, ग्रेड रोड, एलिवेटेड रोड और यहां तक कि फ्लाईओवर के ऊपर फ्लाईओवर भी शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसमें दिल्ली की सबसे चौड़ी 8 लेन की सुरंग है, जो 3.6 किलोमीटर से ज्यादा लंबी है।