ब्रिटेन की लग्जरी कार निर्माता कंपनी Rolls-Royce (रॉल्स-रॉयस) ने अपनी सेकेंड जेनरेशन Ghost कार को लॉन्च किया है। Rolls-Royce Ghost को 11 वर्ष पहले साल 2009 में लॉन्च किया गया था और ये तब से ही आरामदायक लग्जरी कार पसंद वाले लोगों के बीच लोकप्रिय है। रॉल्स रॉयल की यह लग्जरी सेडान कार वर्ष 2021 से भारत में मिलने लगेगी और इसकी एक्स-शोरूम कीमत 6.95 करोड़ रुपये से शुरू होगी। सेकेंड जेनरेशन Ghost सेडान में कई शानदार फीचर्स दिए गए हैं।
नए लेजर हेडलैंप्स और दरवाजे
नई Rolls-Royce Ghost में एलईडी लेजर हेडलाइट दिए गए हैं जिससे चालक सड़क में 600 मीटर तक की दूरी को आराम से देख सकता है। इसके साथ ही इस हेडलाइट के ऊपर सी आकार की एलईडी डीआरएल दी जाती है। कार में नए बम्पर दिए गए हैं जो एयर इंटेक को बढ़ाते हैं। Rolls-Royce Ghost कार की लंबाई पहले की तुलना में बढ़ा दी गई है। इस कार की लंबाई 89mm, चौड़ाई 30mm और ऊंचाई 21mm बढ़ गई है। इसके व्हीलबेस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कार में खुद से बंद होने और खुद से खुलने वाले दरवाजे दिए गए हैं।
सबसे आधुनिक Rolls-Royce कार
कंपनी के मुताबिक सेकंड जेनरेशन Ghost सेडान टेक्नोलॉजी के लिहाज से यह अब तक की सबसे एडवांस्ड Rolls-Royce कार है। इस कार को 116 साल के इतिहास को ध्यान में रखकर बनाया गया है। सेकंड जेनरेशन Ghost रिजिड एल्युमीनियम रॉल्स-रॉयस सुपरफ्रेम आर्किटेक्चर पर तैयार की गई है। इस कार में ऑल-व्हील ड्राइव, ऑल-व्हील स्टीयरिंग दी गई है।
इंजन
Rolls-Royce Ghost कार में 6.75 लीटर ट्विन-टर्बो V12 इंजन मिलता है। यह इंजन 571PS का पावर और 850Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इंजन से सभी पहियों को पावर मिलता है। इसकी मदद से यह कार सिर्फ 4.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पकड़ सकती है। हालांकि कार में इलेक्ट्रॉनिकली लिमिटेड टॉप स्पीड 250 km प्रति घंटे दी गई है।
फीचर्स
Rolls-Royce Ghost सेडान कार में क्लाइमेट कंट्रोल के साथ माइक्रो एनवायरमेंटल प्यूरीफिकेशन सिस्टम मिलता है। इस कार में Bose के 1,300 watt के 18 स्पीकर लगाए गए हैं। कार में रियर-सीट एंटरटेनमेंट स्क्रीन्स भी दी गई है। इसके साथ ही इस कार में 360 डिग्री कैमरा, हेड-अप डिस्प्ले, एडॉप्टिव क्रूज कंट्रोल, वाइल्ड लाइफ और पेडेस्ट्रियन वॉर्निंग सिस्टम जैसा फीचर भी मिलता है।