Maruti skills on wheels Training
- फोटो : Maruti
देश की नंबर वन कार निर्माता मारुति सुजुकी ने कर्मचारियों के कौशल और क्षमता को बढ़ाने के लिए कंपनी ने एक नया कॉन्सैप्ट लॉन्च किया है। कंपनी ने ‘Skill on Wheels’ नाम से मोबाइल ट्रेनिंग सेंटर खोला है, जो दिल्ली-एनसीआर में मौजूद मारुति सुजुकी के वेंडर्स के यहां पहुंच कर उनके कर्मचारियों को उनके यहां ही ट्रेनिंग देंगे।
Skill on Wheels कॉन्सैप्ट को मारुति सेंटर फॉर एक्सीलेंस ने तैयार किया है, जो मारुति सुजुकी की एक सोसाइटी है और इसे कंपनी से जुड़े 21 वेंडर्स के लिए तैयार किया गया है। मोबाइल सेंटर में प्रिवेंटिव एंड प्रिडिक्टिव मैंटिनेंस, लो कॉस्ट ऑटोमैशन और एनर्जी मैनेजमेंट के बारे में ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही, सेफ्टी, क्वॉलिटी और सॉफ्ट स्किल्स से जुड़ी ट्रेनिंग भी मिलेगी।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर केनिची युकावा ने बताया कि हमारे लिए जरूरी है कि ग्राहकों को क्वॉलिटी प्रोडक्ट्स और सर्विसेज मिलें। यह तभी संभव है जब मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट में स्किल्ड वर्कर्स होंगे और तभी प्रोडक्ट और कंपोनेंट क्वालिटी का स्तर भी सुधरेगा।
मारुति सेंटर फॉर एक्सीलेंस की शुरुआत 2004 में की गई थी, जिसे मारुति सुजुकी और कंपनी के वेंडर्स पार्टनर्स ने वर्ल्ड क्लास क्वॉलिटी, कॉस्ट और टेक्नोलॉजी देने के लिए बनाया था। इसका उदद्देश्य था कि वेंडर्स के यहां काम कर रहे कर्मचारियों के स्किल्स को अपग्रेड किया जा सके।